जयपुर लौटने पर पदक विजेता महिला बैंड कर्मियों व अधिकारियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता जीत का जश्न मनाया।

राजस्थान पुलिस ने 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में आयोजित इस प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की महिला पाइप बैंड टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि ब्रास बैंड टीम ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

16 से 20 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में महिला पाइप बैंड टीम का नेतृत्व बैंड मास्टर पूनम सपेरा ने किया। टीम ने लगातार तीसरे वर्ष पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों का सिलसिला बरकरार रखा। इससे पहले राजस्थान पुलिस की महिला पाइप बैंड टीम ने 26वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2025 में कांस्य पदक और 25वीं प्रतियोगिता-2024 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इस बार फिर स्वर्ण पदक जीतकर टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

वहीं, राजस्थान पुलिस की ब्रास बैंड टीम ने भी प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। टीम का नेतृत्व बैंड मास्टर योगेन्द्र कुमार ने किया। इससे पहले यह टीम 24वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2023 में भी रजत पदक जीत चुकी है।

प्रतियोगिता में पदक जीतकर दोनों बैंड दलों के जयपुर लौटने पर पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।

इस अवसर पर डीजी (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (आर्म्ड बटालियन) रूपिंदर सिंघ, उप महानिरीक्षक पुलिस (आरएसी) श्रीमती श्वेता धनकड़, उप महानिरीक्षक पुलिस कुंवर राष्ट्रदीप सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी पुलिस बैंड वादकों का उत्साह बढ़ाया।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की दोनों टीमों की पदक उपलब्धि ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है। महिला पाइप बैंड का लगातार तीसरे वर्ष पदक जीतना और ब्रास बैंड का रजत पदक हासिल करना राजस्थान पुलिस की बैंड टीमों के निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाता है।

Tags: