पश्चिम रेलवे का बड़ा एक्शन: बिना टिकट यात्रा करने वालों से वसूले 69 करोड़ रुपये का जुर्माना
पश्चिम रेलवे ने अप्रैल से जून 2026 के बीच बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ चलाए गए सघन अभियान में 69 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड जुर्माना वसूला है। पिछले साल की तुलना में राजस्व में 17% से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जानें इस कार्रवाई का पूरा ब्यौरा।
पश्चिम रेलवे ने अप्रैल से जून 2026 के दौरान अपनी विभिन्न रेल सेवाओं में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाकर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस अवधि में रेलवे ने लगभग 69 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 17 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, वरिष्ठ वाणिज्यिक अधिकारियों की देखरेख में टिकट चेकिंग कर्मचारियों की टीम ने मुंबई उपनगरीय सेवाओं, मेल-एक्सप्रेस, पैसेंजर और हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों में व्यापक अभियान चलाया। इसका मुख्य उद्देश्य राजस्व की हानि को रोकना और यात्रियों को सुगम यात्रा उपलब्ध कराना था।
अप्रैल से जून 2026 के बीच 9.50 लाख से अधिक बिना टिकट और अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे यह राजस्व प्राप्त हुआ। पिछले वर्ष की इसी अवधि में लगभग 59 करोड़ रुपये वसूले गए थे। केवल जून 2026 में 2.65 लाख यात्रियों से 18.50 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया, जो पिछले वर्ष जून की 15.24 करोड़ रुपये की तुलना में 21.30 प्रतिशत अधिक है। मुंबई उपनगरीय सेक्शन में इस अवधि के दौरान 3.14 लाख मामलों में 16.50 करोड़ रुपये की वसूली हुई, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 15.90 करोड़ रुपये था। वहीं, एसी लोकल ट्रेनों में अनधिकृत यात्रा रोकने के लिए चलाए गए अभियान में 49,550 मामलों में 1.63 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया, जो पिछले वर्ष के 62.76 लाख रुपये के मुकाबले 160 प्रतिशत की वृद्धि है। पश्चिम रेलवे ने आम जनता से वैध टिकट के साथ ही यात्रा करने की अपील की है।