चांदलोडिया A और B रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का 70% काम पूरा, 2027 तक बदलेगा स्वरूप
चांदलोडिया A और B रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का 70% कार्य पूरा हो चुका है। ₹45.72 करोड़ की परियोजना 31 मार्च 2027 तक पूरी होगी।
तस्वीर में चांदलोडिया रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित भवन, बुकिंग काउंटर, प्लेटफॉर्म और निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज की झलक दिखाई दे रही है।
अहमदाबाद मंडल के चांदलोडिया A और B रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ₹45.72 करोड़ की अनुमानित लागत से चल रही इस परियोजना का शेष कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के तहत स्टेशन को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है।
भारतीय रेल द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देशभर के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। चांदलोडिया स्टेशन के पुनर्विकास में आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर आवागमन व्यवस्था, उन्नत प्लेटफॉर्म, नए स्टेशन भवन, फुट ओवर ब्रिज, पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया का विकास शामिल है।
यात्रियों से मिले सुझावों और फीडबैक को प्राथमिकता देते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने चांदलोडिया स्टेशन पर यात्री सूचना प्रणाली, कोच मार्गदर्शन और स्टेशन की पहचान से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने का निर्णय लिया है। यात्रियों ने चांदलोडिया B से सोमनाथ की यात्रा के दौरान कोच की स्थिति पहचानने में होने वाली कठिनाई के संबंध में फीडबैक दिया था। इसके बाद मंडल ने यात्री सूचना व्यवस्था की समीक्षा की।
वर्तमान में स्टेशन के प्रवेश द्वार के समीप स्थित प्रतीक्षालय में इलेक्ट्रॉनिक ट्रेन इंडिकेटर डिस्प्ले बोर्ड उपलब्ध है। इसमें ट्रेन संख्या के साथ कोच की स्थिति से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की जाती है। यात्रियों की सहायता के लिए सहयोग काउंटर पर आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से महत्वपूर्ण और नियमित ट्रेन संबंधी घोषणाएं भी की जाती हैं।
यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए चांदलोडिया स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड (CGDB) उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। चांदलोडिया A और B दोनों स्टेशनों के प्लेटफॉर्मों पर CGDB शेड पर स्थापित किए जाएंगे।
चांदलोडिया A स्टेशन के मुख्य भवन में मल्टीलाइन डिस्प्ले बोर्ड स्थापित कर दिया गया है और यह कार्यशील है। वहीं चांदलोडिया B स्टेशन के मुख्य भवन में मल्टीलिंगुअल डिस्प्ले बोर्ड का कार्य लगभग 10 दिनों में पूरा किया जाएगा। इससे यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित जानकारी अधिक स्पष्ट और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध होगी।
पुनर्विकास परियोजना के तहत चांदलोडिया रेलवे स्टेशन के मुख्य स्टेशन भवन का निर्माण 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है। लगभग 11,100 वर्गफीट क्षेत्रफल वाले इस स्टेशन भवन में बुकिंग काउंटर, वीआईपी प्रतीक्षालय, प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय, सामान्य प्रतीक्षालय, एसी एवं नॉन-एसी प्रतीक्षालय, बेबी फीडिंग रूम तथा आवश्यक परिचालन और वाणिज्यिक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। स्टेशन के विभिन्न भवनों में यात्रियों और रेल कर्मचारियों के लिए आधुनिक शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
चांदलोडिया-B स्टेशन पर पीआरएस, एसी एवं नॉन-एसी प्रतीक्षालय, बेबी फीडिंग रूम, पुरुष एवं महिला शौचालय तथा दिव्यांगजन के लिए शौचालय की सुविधा शामिल है। इसके अलावा पार्सल कार्यालय भवन और अन्य आवश्यक परिचालन सुविधाओं का भी विकास किया गया है।
यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए 40 फीट चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। यह प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 5 तक कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। फुट ओवर ब्रिज और एयर कॉन्कोर्स का कार्य लगभग 88 प्रतिशत पूरा हो चुका है। परियोजना में 20 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का भी प्रावधान किया गया है।
चांदलोडिया रेलवे स्टेशन पर लगभग 31,9000 वर्गफीट क्षेत्र में प्लेटफॉर्म संबंधी विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनकी प्रगति लगभग 82 प्रतिशत है। प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर रिसर्फेसिंग का कार्य पूरा हो चुका है। प्लेटफॉर्म संख्या 2, 4 और 5 पर रिसर्फेसिंग तथा प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर रेल लेवल प्लेटफॉर्म को ऊंचा करने का कार्य जारी है। इन कार्यों से प्लेटफॉर्म यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित होंगे।
धूप और वर्षा सहित प्रतिकूल मौसम से यात्रियों को सुरक्षा देने के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 5 तक कुल लगभग 2,15000 वर्गफीट क्षेत्र में कवर ओवर प्लेटफॉर्म (COP) का प्रावधान किया गया है। वर्तमान में प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर लगभग 22000 वर्गफीट क्षेत्र में COP का कार्य प्रगति पर है। शेष प्लेटफॉर्मों पर यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
स्टेशन परिसर में यात्रियों और वाहनों की आवाजाही को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगभग 78300 वर्गफीट क्षेत्र में सर्कुलेटिंग और पार्किंग एरिया विकसित किया जा रहा है। इसकी प्रगति लगभग 97 प्रतिशत है। चांदलोडिया-A स्टेशन पर लगभग 35,000 वर्गफीट और चांदलोडिया-B स्टेशन पर लगभग 43,400 वर्गफीट क्षेत्र में सर्कुलेटिंग एवं पार्किंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परियोजना में दिव्यांगजन के लिए विशेष पार्किंग सुविधा भी विकसित की गई है।
यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए लगभग 82000 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया विकसित किया जा रहा है, जिसकी प्रगति 98 प्रतिशत है। स्टेशन भवन और सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों के लिए प्रतीक्षा एवं होल्डिंग क्षेत्र की योजना बनाई गई है।
प्रतीक्षालय और आंतरिक सुविधाओं के उन्नयन का कार्य लगभग 92 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके तहत प्रथम श्रेणी, सामान्य, एसी एवं नॉन-एसी प्रतीक्षालय तथा बेबी फीडिंग रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए कुल 5 लिफ्ट का प्रावधान किया गया है। लिफ्ट कार्य की प्रगति लगभग 62 प्रतिशत है और प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट सुविधा विकसित की जा रही है। इसके साथ ही दिव्यांगजन के लिए पृथक शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है।
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए लगभग 1200 वर्गफीट क्षेत्र में शौचालयों के उन्नयन और अतिरिक्त शौचालयों का विकास किया जा रहा है। इसकी प्रगति लगभग 82 प्रतिशत है। इसमें पुरुष एवं महिला शौचालयों के साथ पे-एंड-यूज और दिव्यांगजन शौचालयों सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं।
चांदलोडिया रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की यह परियोजना स्टेशन को आधुनिक और यात्री-केंद्रित परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नए स्टेशन भवन, उन्नत प्लेटफॉर्म, विशाल फुट ओवर ब्रिज, होल्डिंग एरिया, पार्किंग एवं सर्कुलेटिंग एरिया, लिफ्ट, प्रतीक्षालय तथा दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं के विकास से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। परियोजना पूरी होने के बाद चांदलोडिया रेलवे स्टेशन क्षेत्र की बढ़ती यात्री आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा करने में सक्षम होगा।