तस्वीर में आरसीएफ के महाप्रबंधक श्री अजय नन्दन कपूरथला के महाराजा रणजीत सिंह स्टेडियम में पोडियम पर खड़े होकर संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कपूरथला, 16 अगस्त 2026: रेल डिब्बा कारखाना (आरसीएफ), कपूरथला में महाराजा रणजीत सिंह स्टेडियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के जज़्बे और उत्साह के साथ मनाया गया। आरसीएफ के महाप्रबंधक श्री अजय नन्दन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, एनसीसी तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियों ने शानदार परेड प्रस्तुत की।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री अजय नन्दन ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी से एकता, अखंडता, अनुशासन तथा समर्पण के मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने तकनीकी उन्नति, गुणवत्तापूर्ण कोच निर्माण और नवाचार के क्षेत्र में आरसीएफ की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।



 महाप्रबंधक ने वर्ष 2025-26 में आरसीएफ द्वारा किए गए रिकॉर्ड कोच उत्पादन, अपडेटेड वंदे भारत ट्रेनसेट तथा बांग्लादेश रेलवे के लिए निर्मित कोचों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण, कर्मचारी कल्याण, खेलकूद एवं अन्य क्षेत्रों में आरसीएफ की उपलब्धियों की भी सराहना की।

समारोह में आरसीएफ महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष श्रीमती नविता नन्दन, प्रधान विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन और भारी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। स्कूली विद्यार्थियों तथा आरसीएफ कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह की रौनक बढ़ा दी और उत्साह का माहौल बना दिया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर श्रीमती नविता नन्दन और उनकी टीम ने आरसीएफ अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान अस्पताल को उपयोगी सामग्री भेंट की गई तथा मरीजों में उपहार और मिठाइयां वितरित की गईं।

शाम को आरसीएफ परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरे परिसर की भव्यता बढ़ गई। दिनभर चले स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन देशभक्ति, सांस्कृतिक उल्लास और सामुदायिक भावना से परिपूर्ण यादगार माहौल में हुआ।

Tags: