अहमदाबाद मंडल में 3,000 किमी रेल ट्रैक की एक दिन में सफाई, बना स्वच्छता अभियान का कीर्तिमान
अहमदाबाद मंडल में गांधी जयंती पर ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’ के तहत एक दिन में करीब 3,000 किमी रेल ट्रैक की सफाई की गई। अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न सहभागी समूहों ने अभियान में श्रमदान किया।
तस्वीर में साबरमती रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश और अन्य अधिकारी व कर्मचारी स्वच्छता की शपथ लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
अहमदाबाद मंडल में महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’ का व्यापक आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान लगभग 3,000 किलोमीटर रेलवे ट्रैक की एक दिन में साफ-सफाई की गई। यह दूरी लगभग कश्मीर से कन्याकुमारी के बीच की दूरी के बराबर है।
अहमदाबाद मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्तर से दक्षिण तथा पूर्व से पश्चिम तक एक साथ स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया। एक दिन में लगभग 3,000 किलोमीटर रेल ट्रैक की सफाई कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता अभियान में व्यापक सहभागिता का कीर्तिमान स्थापित किया।
इस अवसर पर साबरमती रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता प्रहरियों तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छ रेल परिसर, स्वच्छ ट्रैक और स्वच्छ रेलवे के संकल्प को साकार करने के साथ स्वच्छता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने का सामूहिक संकल्प लिया।
अभियान के तहत मंडल के सभी स्टेशन मास्टर एवं सुपरवाइजर, क्लीनिंग स्टाफ तथा अन्य रेल कर्मचारियों ने अपने होम स्टेशन से अगले स्टेशन तक ट्रैक और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई में सक्रिय सहभागिता की। इसके साथ विभिन्न स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों और ट्रैक के किनारे के क्षेत्रों में एक साथ श्रमदान एवं विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अहमदाबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर भी व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। अहमदाबाद, साबरमती, वीरमगाम, मालिया मियाणा, राधनपुर, ध्रांगध्रा, महेसाणा, पालनपुर, भुज, गांधीधाम, असारवा और हिम्मतनगर सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों, हेल्थ यूनिट तथा ट्रैकसाइड क्षेत्रों में रेल कर्मचारियों एवं अन्य सहभागी समूहों ने विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया।
स्वच्छता अभियान में रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों, रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट एवं गाइड, स्वयंसेवी संगठनों तथा अन्य सहभागी समूहों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया गया। रेलवे परिचालन को प्रभावित किए बिना और रनिंग लाइनों के निकट निर्धारित सुरक्षा सावधानियों का पालन करते हुए सभी स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।
स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक अहमदाबाद मंडल में विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आगामी कार्यक्रमों के तहत 3 से 5 अक्टूबर तक प्रमुख स्थानों पर गहन सफाई अभियान, 6 से 8 अक्टूबर तक ट्रैकसाइड एवं लीगेसी वेस्ट की सफाई, 9 से 10 अक्टूबर तक अनावश्यक पोस्टर, बैनर एवं गुटखा के दाग हटाने का अभियान तथा 11 से 15 अक्टूबर तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुपालन एवं जागरूकता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अहमदाबाद मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के माध्यम से रेलवे परिसरों, ट्रैक, स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता को और सुदृढ़ करने के साथ यात्रियों, रेल कर्मचारियों एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’ के जरिए स्वच्छ रेल, स्वच्छ ट्रैक एवं स्वच्छ रेलवे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता को जनभागीदारी का अभिन्न हिस्सा बनाने की दिशा में प्रयास किया गया।