उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में स्वच्छता अभियान, 250 किलो कचरा एकत्र कर किया निस्तारण
प्रयागराज स्थित उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ के तहत ‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ अभियान में अधिकारियों-कर्मचारियों ने श्रमदान किया। अभियान में 250 किलो कचरा एकत्र कर निस्तारित किया गया।
तस्वीर में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में स्वच्छता अभियान के दौरान अधिकारी और कर्मचारी नजर आ रहे हैं.
प्रयागराज। स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, सूबेदारगंज में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ के तहत ‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ अभियान के अंतर्गत वृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह के निर्देशानुसार आयोजित अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यालय परिसर में एकजुट होकर श्रमदान किया।
कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक श्री राजकुमार वानखेडे ने सहभागिता करते हुए स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री अनिल कुमार द्विवेदी सहित अन्य प्रधान विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रमदान में सहभागिता की।
श्रमदान के दौरान मुख्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 250 किलोग्राम कचरा एकत्रित किया गया, जिसका निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उचित निस्तारण किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने तथा अपने कार्यस्थल और आसपास के परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
अपर महाप्रबंधक श्री राजकुमार वानखेडे ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसे दैनिक कार्यप्रणाली और व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उत्तर मध्य रेलवे में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे के सभी मंडलों, कारखानों, इकाइयों और कार्यालयों में स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ अभियान सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता को व्यापक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल कार्यस्थल के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधक के समन्वयन में पर्यावरण अनुभाग द्वारा किया गया।