2 अक्टूबर को अहमदाबाद मंडल में 15 किमी ट्रैक पर चलेगा स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान
अहमदाबाद मंडल में 2 अक्टूबर 2026 को स्वच्छता पखवाड़ा के तहत ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’ होगा। साबरमती से वटवा तक लगभग 15 किमी ट्रैक और रेलवे परिसरों में अधिकारी-कर्मचारी श्रमदान करेंगे।
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा के तहत 2 अक्टूबर 2026 को अहमदाबाद मंडल में ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’ आयोजित किया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के नेतृत्व में होने वाले इस अभियान में अहमदाबाद मंडल के सभी रेल अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश स्वयं साबरमती से वटवा तक लगभग 15 किलोमीटर रेल ट्रैक और रेलवे स्टेशनों पर आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता करेंगे।
अभियान के तहत सभी स्टेशन मास्टर एवं सुपरवाइजर, क्लीनिंग स्टाफ और अन्य स्टाफ होम स्टेशन से अगले स्टेशन तक ट्रैक एवं स्टेशन की साफ-सफाई करेंगे। स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों तथा ट्रैक के किनारे के क्षेत्रों में एक साथ श्रमदान किया जाएगा। स्वच्छता अभियान में रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ रेलवे सुरक्षा बल, स्वयंसेवी संगठनों तथा अन्य सहभागी समूह भी भाग लेंगे।
अहमदाबाद मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों, रेलवे परिसरों, यार्ड, रेलवे कॉलोनियों तथा ट्रैक के आसपास के क्षेत्रों में अभियान के दौरान विशेष साफ-सफाई की जाएगी। यात्रियों के सहयोग के लिए ट्रेनों और स्टेशनों पर उद्घोषणा के माध्यम से ‘मेरी सीट, मेरा डिब्बा’ थीम के तहत कोच एवं स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की जा रही है।
इसके साथ ही पैम्फलेट के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अहमदाबाद मंडल इस व्यापक अभियान के माध्यम से स्वच्छ रेल परिसर, स्वच्छ ट्रैक एवं स्वच्छ रेलवे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा यात्रियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं सहभागी बनाने का प्रयास करेगा।