खेड़ा कलेक्ट्रेट नडियाद में आयोजित समन्वय बैठक के दौरान अधिकारी और जनप्रतिनिधि चर्चा करते हुए।   

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल एवं खेड़ा जिला प्रशासन के बीच रेलवे अवसंरचना के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेलवे संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर समन्वय बैठक आयोजित की गई। माननीय सांसद श्री देवुसिंह चौहान की उपस्थिति में हुई बैठक में माननीय विधायक श्री पंकजभाई देसाई भी मौजूद रहे। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।

बैठक में माननीय सांसद श्री देवुसिंह चौहान ने रेलवे एवं राज्य प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रही तथा आगामी विकास परियोजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्र में रेलवे अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।

वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने माननीय जनप्रतिनिधियों को खेड़ा जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में पश्चिम रेलवे द्वारा हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों तथा आगामी विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना (ABSS) के अंतर्गत महेमदाबाद खेड़ा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास तथा नडियाद रेलवे स्टेशन के उन्नयन सहित विभिन्न प्रस्तावित विकास कार्यों के बारे में विस्तार से बताया।

बैठक में रेलवे संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रोड ओवर ब्रिज (ROB) एवं रोड अंडर ब्रिज (RUB) के निर्माण, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा प्रमुख अवसंरचनात्मक विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला प्रशासन के साथ जॉइंट इंस्पेक्शन कराने तथा रेलवे एवं जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

समन्वय बैठक एवं निरीक्षण का उद्देश्य रेलवे और राज्य प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक रेल सुविधाओं का विस्तार करना तथा विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाना है।

इसके पूर्व मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महेमदाबाद खेड़ा रेलवे स्टेशन एवं आनंद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। महेमदाबाद खेड़ा स्टेशन पर उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे प्रमुख अवसंरचनात्मक उन्नयन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया।

श्री भडके ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आनंद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां चल रहे स्टेशन उन्नयन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पश्चिम रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और क्षेत्र की रेल अवसंरचना को आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Tags: