नोहर में संयुक्त व्यापार संघ का दीपावली स्नेह मिलन समारोह, मेहरूनिशा टाक का किया अभिनंदन
सिंधी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शहर के व्यापारियों, अधिकारियों और नेताओं ने भाग लेकर सामाजिक समरसता व एकजुटता का संदेश दिया।
नोहर सिंधी मंदिर परिसर में आयोजित दीपावली समारोह में उपस्थित लोग और अतिथि दिखाई दे रहे हैं।
नोहर में दीपावली के अवसर पर सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हुए संयुक्त व्यापार संघ की ओर से सिंधी मंदिर परिसर में भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। दिन में हुए इस आयोजन में शहर के व्यापारियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के दौरान पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं पूर्व राज्य मंत्री मेहरूनिशा टाक का अभिनंदन भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मोदी ने की। समारोह में पहुंचे लोगों ने एक-दूसरे से आत्मीयता के साथ राम-श्यामा करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में उल्लास, अपनत्व और पारिवारिक माहौल देखने को मिला।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि दीपावली जैसे पर्व हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। इस तरह के आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने के साथ आपसी भाईचारे, सद्भाव और विश्वास को मजबूत करते हैं। व्यापारिक संगठनों की ओर से आयोजित किए जाने वाले ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
व्यापारियों को एक मंच पर जोड़ना संघ का उद्देश्य
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मोदी ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को एक मंच पर संगठित करना और नोहर के सामाजिक एवं व्यापारिक विकास में सकारात्मक भूमिका निभाना है। उन्होंने कहा कि नोहर हमारा परिवार है और इस परिवार की एकता एवं आपसी सद्भाव बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजन निरंतर आयोजित करने की बात कही।
समारोह के आयोजन में संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की राम-श्यामा की और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामनाएं दीं। समारोह के माध्यम से व्यापारिक संगठनों और शहर के विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक वर्गों के बीच आपसी मेलजोल और एकजुटता का संदेश दिया गया।