नोहर पंचायत समिति चुनाव के तहत मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए कतार में खड़ी महिला मतदाता।

नोहर, 3 नवंबर। पंचायत राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को नोहर पंचायत समिति क्षेत्र में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चली। इस दौरान मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। हालांकि, कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। जबरासर गांव के बूथ नंबर 71 पर मशीन खराब होने से करीब चार घंटे तक मतदान बाधित रहा, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

नोहर पंचायत समिति क्षेत्र में 8 जिला परिषद सदस्यों और 35 पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान करवाया गया। शाम 6 बजे तक कुल 79.18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान वोटिंग प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी हुई। सुबह 10 बजे तक 20.92 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 45.90 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 62.48 प्रतिशत और शाम 6 बजे तक 79.18 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जबरासर गांव के बूथ नंबर 71 पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी के कारण करीब चार घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि मशीन खराब होने के बाद अधिकारियों को कई बार इसकी जानकारी दी गई, लेकिन समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया। मतदान में देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।

ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की जानकारी विधायक अमित चाचाण को दी। इसके बाद विधायक ने स्थानीय एवं उच्च अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ईवीएम मशीन बदली गई, जिसके पश्चात मतदान प्रक्रिया दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सकी। सूचना मिलने पर तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मतदान में हुई देरी को लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।

मतदान शुरू होने से पहले ही ग्राम पंचायत भूकरका, लाखासर और मलवानी में भी ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी सामने आई। भूकरका में मशीन खराब होने से कुछ समय के लिए मतदान बाधित रहा, जबकि लाखासर और मलवानी में मॉक पोल के दौरान ही मशीनों में तकनीकी खामी सामने आ गई।

इस बीच नोहर राजकीय उपजिला चिकित्सालय के पीएमओ हंसराज शर्मा ने अपनी पत्नी सलोनी शर्मा के साथ गांव मंदरपुरा पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

ईवीएम में तकनीकी खराबी और जबरासर में मतदान प्रक्रिया प्रभावित होने के बावजूद नोहर पंचायत समिति क्षेत्र में कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। एसडीएम सुनीता यादव भी पूरे क्षेत्र में लगातार मॉनिटरिंग करती रहीं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए थे।

निर्धारित मतदान समय पूरा होने के बाद भी अनेक गांवों में मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ दिखाई दी। विशेष रूप से युवाओं में मतदान के प्रति उत्साह देखने को मिला। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। मतदान संपन्न होने के साथ ही अब प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें मतगणना एवं चुनाव परिणामों पर टिक गई हैं।

Tags: