जिला कलेक्टर खुशाल यादव और पुलिस अधिकारी नोहर के मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए।

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के नोहर क्षेत्र में 05 नवम्बर को होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंच चुनाव को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव तथा पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने बुधवार, 04 नवम्बर 2026 को क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दोनों अधिकारियों ने नोहर क्षेत्र के देइदास, भुकरका, 22 एनटीआर, परलीका एवं रामगढ़ स्थित मतदान केन्द्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 05 नवम्बर को होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंच चुनाव के लिए मतदान और मतगणना से संबंधित तैयारियों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान केन्द्रों के चारों ओर 200 मीटर के दायरे में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रखने के निर्देश दिए। साथ ही आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने और मतदाताओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था बनाए रखने को कहा। दोनों अधिकारियों ने विशेष रूप से मतगणना स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था पहले से जांचने के निर्देश भी दिए, ताकि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

इस दौरान जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदाताओं से निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता किसी भी भय, दबाव या प्रलोभन में आए बिना मतदान करें। साथ ही मतदान केन्द्रों पर शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने का आग्रह किया।

निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी श्रीमती सुनीता यादव, विकास अधिकारी श्याम सुंदर मूंड, पुलिस उप अधीक्षक सुभाष पूनियां तथा तहसीलदार बजरंग लाल उपस्थित रहे। प्रशासन और पुलिस ने मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा, आचार संहिता और मतगणना संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर 05 नवम्बर को होने वाले पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों का जायजा लिया।

Tags: