दीपावली पर रोशनी से जगमगाया नोहर का मुख्य बाजार, जनप्रतिनिधियों ने किया सजावट का निरीक्षण
नगर पालिका की ओर से मुख्य चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर की गई आकर्षक सजावट, चेयरमैन प्रतिनिधि सिकंदर टाक व उपाध्यक्ष गुरसेवक सिंह ने व्यापारियों को शुभकामनाएं दीं।
नोहर के मुख्य बाजार में जनप्रतिनिधि दीपावली की विद्युत सजावट का जायजा लेते नजर आ रहे हैं।
दीपावली के अवसर पर नोहर का मुख्य बाजार आकर्षक विद्युत रोशनी और भव्य सजावट से जगमगा उठा। बाजार की सजी-धजी दुकानों और रोशनी से सजे मुख्य मार्गों ने पर्व की रौनक बढ़ा दी। बाजार की सजावट और दीपावली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बीती रात नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों ने बाजार का भ्रमण किया।
इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि सिकंदर टाक, पूर्व राज्य मंत्री मेहरूनिशा टाक और नगरपालिका उपाध्यक्ष गुरसेवक सिंह सरदार सहित पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्य बाजार का दौरा किया। बाजार में की गई आकर्षक विद्युत सजावट देखकर जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता जताई। इस दौरान पूरे बाजार में दीपावली को लेकर उत्सवी माहौल नजर आया।
भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने व्यापारियों और शहरवासियों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली व रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। ऐसे पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं।
विदित रहे कि नोहर कस्बे के मुख्य चौक-चौराहों पर नगर पालिका की ओर से विशेष सजावट करवाई गई थी। बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर की गई विद्युत सजावट से शहर की रौनक बढ़ गई। सजावट को लेकर व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष छोटू सेवग, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष बसंत तिवाड़ी, असलम, खालिद भाटी, पार्षद रियाज टाक, रतनलाल, मुस्ताक, संतलाल, लाल रेगर मोहम्मद, सिंधी समाज के जिला अध्यक्ष हरीश वाधवानी, पार्षद सुनील कार्य, अभिषेक बचवानी, सुरेंद्र सैनी, दीपक रैगर, हुसैन अली, गंगाराम, उदय सिंह, जाफर अली, हसन, देवीलाल और सुरेंद्र सहारण सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।