हनुमानगढ़ जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के दौरान मतदान करने वाले वीबी-जी राम जी योजनान्तर्गत नियोजित श्रमिकों को सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा। जिला परिषद ने इस संबंध में सभी संबंधित पंचायत समितियों के कार्यक्रम अधिकारियों और विकास अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। यह व्यवस्था जिले में तीसरे और चौथे चरण के मतदान के दौरान संबंधित पंचायत समिति क्षेत्रों में लागू होगी।

निर्देशों के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले की पंचायत समिति हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा और राजपुरा में तीसरे चरण में चुनाव प्रस्तावित हैं। वहीं, संगरिया, रावतसर, टिब्बी और हनुमानगढ़ टाउन में चौथे चरण में चुनाव होंगे। इन सभी संबंधित पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान दिवस पर वीबी-जी राम जी योजनान्तर्गत नियोजित श्रमिकों को सवैतनिक अवकाश देय होगा।

भारत सरकार के संशोधन अधिनियम के तहत लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135-ख के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था की गई है। इसके तहत मतदान दिवस पर पात्र श्रमिकों को सवैतनिक अवकाश उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक सुश्री श्रद्धा गोमे ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ ग्राम पंचायतों के माध्यम से श्रमिकों तक इस व्यवस्था की जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि पंचायती राज चुनाव के मतदान दिवस पर संबंधित क्षेत्रों में नियोजित श्रमिकों को सवैतनिक अवकाश का लाभ मिल सके।

Tags: