गंगापुर सिटी स्थित गोपाल गौशाला परिसर में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण की तैयारियों को लेकर आयोजित जिलास्तरीय बैठक में चर्चा करते गौसेवक और गौशाला संचालक।

गंगापुर सिटी में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने और गोहत्या के कलंक से भारत को मुक्त करने की मांग को लेकर गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान के तहत 4 नवंबर, बुधवार से प्रचार-प्रसार रथ निकाला जाएगा। जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को जोड़ा जाएगा। इसके बाद 17 दिसंबर 2026 को जयपुर पहुंचकर राजस्थान के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर दशहरा मैदान स्थित गोपाल गौशाला परिसर में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें गौशाला संचालकों और गौ सेवकों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से 4 नवंबर, बुधवार से प्रचार-प्रसार रथ निकालने का निर्णय लिया गया।

अभियान के जिला प्रभारी गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि सर्व हिंदू समाज और साधु-संतों के सानिध्य में संचालित गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए गठित प्रचार-प्रसार समितियां पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को गौ माता की महिमा से अवगत कराएंगी। साथ ही निर्धारित प्रपत्र पर अधिकाधिक लोगों के हस्ताक्षर करवाए जाएंगे, ताकि गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने की मांग को व्यापक समर्थन मिल सके।

अभियान के अगले चरण में 17 दिसंबर 2026 को जयपुर पहुंचकर राजस्थान के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। इसके लिए लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में सभी गौशाला संचालकों, गौ प्रेमियों, नगर परिषद क्षेत्र के वार्डवासियों और पार्षदों से अभियान में सहयोग करने तथा अधिकाधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया गया।

बैठक में गोपाल गौशाला से कृपाशंकर उपाध्याय, नंगे बाबा गौशाला से शिवनारायण गुप्ता, हनुमान 108 दौलतपुर गौशाला से प्रसन्न कुमार सुराणा, श्याम गौ सेवा समिति डूंगरी गौशाला से नंदकिशोर अग्रवाल, गौ सेवा समिति के जिलाध्यक्ष गोविंद नारायण शर्मा, इंद्रदेव गुप्ता, मुकेश कुमार मीणा, ओमप्रकाश गुप्ता, कृष्णानंद दीक्षित, ओमप्रकाश शर्मा, रामनिवास गर्ग, नागेश कुमार शर्मा, शंभूदयाल गुप्ता, पूनम जगबानी, राधा दीक्षित, उषा देवी, पायल कुमारी, प्रियांशु, चंचल जगबानी, श्रवण कुमार शर्मा, सुरेश चंद्र, बृजनंदन, प्रियंका शर्मा, मोहित वैष्णव, किरण शर्मा, जगदीश शर्मा और गिरधारी शर्मा सहित दर्जनों गौ सेवक एवं गौशाला संचालक उपस्थित रहे।

अभियान प्रभारी गोविंद नारायण शर्मा ने जिलेवासियों से हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की। अभियान के तहत प्रचार-प्रसार रथ और पंचायत स्तर पर हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से लोगों को जोड़ने के साथ 17 दिसंबर 2026 को जयपुर में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है।

Tags: