शिवाला सरपंच सुबह सिंह सैमाड़ा ने संभाली कमान, सभी गांवों के विकास का किया वादा
| शिवाला ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच सुबह सिंह सैमाड़ा ने गुरुवार को राजीव गांधी सेवा केंद्र में पदभार ग्रहण किया। समारोह में उन्होंने सभी गांवों और ढाणियों के विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनसेवा को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।
वजीरपुर। ग्राम पंचायत शिवाला में नवनिर्वाचित सरपंच सुबह सिंह सैमाड़ा ने गुरुवार को दोपहर 2 बजे राजीव गांधी सेवा केंद्र में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों की मौजूदगी में आयोजित समारोह में उनका स्वागत किया गया।
पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच सुबह सिंह सैमाड़ा ने कहा कि उनकी जीत संपूर्ण ग्राम पंचायत क्षेत्र के नागरिकों के विश्वास और सहयोग की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत क्षेत्र के सभी गांवों और ढाणियों का बिना किसी भेदभाव के सर्वांगीण विकास कराया जाएगा।
उन्होंने पारदर्शी प्रशासन, शिक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। साथ ही आपसी भाईचारे को मजबूत करने और जनसेवा पर विशेष जोर दिया।
सरपंच ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग और मार्गदर्शन से ग्राम पंचायत को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा। पदभार ग्रहण के साथ ही उन्होंने पंचायत क्षेत्र के सभी गांवों और ढाणियों के समान विकास तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।