तस्वीर में सवाई माधोपुर में आयोजित शिविर के दौरान दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायक उपकरण वितरित करते हुए अधिकारी और नजर आ रहे छात्र।

सवाई माधोपुर में विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में जिला स्तर पर सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, जयपुर से प्राप्त निर्देशानुसार समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में मेडिकल असेसमेंट कैंप के दौरान चिन्हित किए गए 66 विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को एलिम्को के सहयोग से 82 सहायक उपकरण वितरित किए गए।

कार्यक्रम में एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण विद्यार्थियों की दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने के साथ उनके आत्मविश्वास और शैक्षिक सहभागिता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एपीसी समग्र शिक्षा योगेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनकी शिक्षा में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समावेशी शिक्षा के उद्देश्य को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के लिए विभाग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम अधिकारी (समावेशी शिक्षा) सत्य प्रकाश सिंहल ने बताया कि शिविर में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 12 श्रवण यंत्र, 30 टीएलएम किट, 6 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 13 इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर, 8 ट्राइसाइकिल, 7 रोलैटर तथा 1 ब्रेल किट शामिल हैं।

शिविर में उपस्थित विद्यार्थियों को नियमानुसार यात्रा भत्ता भी प्रदान किया गया। इससे दूर-दराज क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सुविधा मिली। उपकरण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने विभाग की इस पहल के लिए प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीणा, एलिम्को टीम के सदस्य, विशेष शिक्षक तथा बड़ी संख्या में दिव्यांग विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित रहे। इस पहल के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर शिक्षा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।

Tags: