गंगापुर सिटी के सीताराम मंदिर परिसर में दरी पर बैठकर चर्चा करते नवदुर्गा सेवा समिति के सदस्य।

गंगापुर सिटी। पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर परिसर में इस बार नवरात्रा महोत्सव के दौरान दुर्गा सप्तशती शतचंडी पाठ अनुष्ठान समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। गंगापुर सिटी नवदुर्गा सेवा समिति के तत्वाधान में 11 अक्टूबर से नवरात्रा महोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाकर नवदुर्गा का दरबार लगाया जाएगा।

आयोजक मंडल के सदस्य अनुज शर्मा, वेद प्रकाश मंगल और हेमेंद्र बोहरा ने संयुक्त रूप से बताया कि गुरुवार रात 7 बजे नवदुर्गा सेवा समिति की बैठक सीताराम मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में दिनेश शर्मा, अनुज शर्मा, महेश शर्मा, महेंद्र मेडिकल, वेद प्रकाश मंगल, हेमेंद्र बोहरा, लवली मिश्रा, विष्णु शांडिल्य, पंडित शैलेंद्र शर्मा, दीपक, दिलीप तिवारी, राधा मोहन गोयल, प्रेमचंद तलवाड़ा, कमलेश जोशी, प्रहलाद शर्मा, गोविंद शर्मा, डॉ. मनोज शर्मा, कुंदन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अपने सुझाव रखते हुए कहा कि सर्व समाज के सहयोग से नवदुर्गा सप्तशती शतचंडी पाठ अनुष्ठान के माध्यम से 9 दिनों तक मां भगवती की आराधना का सामूहिक आयोजन पहली बार किया जा रहा है। आयोजन को भव्य रूप देकर समारोहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया।

निर्णय के अनुसार 11 अक्टूबर को नवरात्र स्थापना के अवसर पर मंदिर परिसर में नवदुर्गा का विशाल दरबार सजाया जाएगा। वैदिक मंत्रों के साथ घट पूजा कर नवदुर्गा मंडल की स्थापना की जाएगी। मंदिर परिसर को डेकोरेशन और लाइट व्यवस्था के साथ सजाया जाएगा। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन हवन-पूजन, संध्या आरती के साथ विशेष झांकियों का आयोजन भी किया जाएगा।

धर्मावलंबी वक्ताओं ने कहा कि नवदुर्गा के कार्यक्रम में सभी भक्त भाग ले सकते हैं। यह आयोजन जनकल्याण के साथ आध्यात्मिक नवदुर्गा उपासना और परिवार की सुख-समृद्धि का प्रतीक बनेगा। नवदुर्गा सप्तशती शतचंडी अनुष्ठान का पाठ और पूजा-अर्चना 11 विद्वान पंडितों द्वारा की जाएगी।

समिति ने आयोजन की सफलता के लिए अनुष्ठान में 101 जोड़ों का लक्ष्य रखा है। आयोजन को लेकर देवी उपासकों और धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल है। 11 अक्टूबर से शुरू होने वाला यह नौ दिवसीय सामूहिक धार्मिक आयोजन सीताराम मंदिर परिसर में नवरात्रा आराधना का प्रमुख केंद्र रहेगा।

Tags: