तस्वीर में क्षेत्रीय विकास मंच समिति का प्रतिनिधिमंडल जयपुर में प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक को ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहा है।   

गंगापुर सिटी के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही नई रेल सेवा की मांग को लेकर क्षेत्रीय विकास मंच समिति के निरंतर प्रयासों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गंगापुर सिटी से जयपुर के लिए प्रातःकालीन और जयपुर से गंगापुर सिटी के लिए सायंकालीन नई रेल सेवा शुरू करने की मांग अब रेलवे के उच्च स्तर तक पहुंच गई है।

इसी क्रम में 1 अक्टूबर 2026 को क्षेत्रीय विकास मंच समिति के अध्यक्ष श्याम लाल मीना, महामंत्री डॉ. सीताराम गुप्ता, संरक्षक ईश्वर लाल शर्मा, कोषाध्यक्ष घनश्याम मेठी एवं ओम प्रकाश शर्मा तथा समाजसेवी रघुवीर प्रसाद मीना ने जयपुर में प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक मदन राम देवड़ा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गंगापुर सिटी की रेलवे संबंधी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर उन्हें मांगपत्र सौंपा।

मंच के संस्थापक संयोजक डॉ. हेमन्त शर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से गंगापुर सिटी-दौसा-जयपुर रेलखंड पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने तथा गंगापुर सिटी से जयपुर के लिए प्रातःकालीन और जयपुर से गंगापुर सिटी के लिए सायंकालीन नई रेल सेवा शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी।

मंच की इस पहल के बाद उत्तर पश्चिम रेलवे, प्रधान कार्यालय जयपुर की ओर से दिनांक 01.10.2026 को पत्र क्रमांक टी-425/79601/02(E-24/162292) के माध्यम से प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक, पश्चिम मध्य रेलवे, मुख्यालय जबलपुर को गंगापुर सिटी-दौसा-जयपुर नई सेवा के संचालन के संबंध में पत्र लिखा गया है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में गंगापुर सिटी-दौसा-जयपुर रेलखंड पर सीमित यात्री रेल सेवा संचालित हो रही है। क्षेत्रीय आमजन, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न यात्री संगठनों की ओर से नई रेल सेवा की मांग लगातार प्राप्त हो रही है।

रेलवे के पत्र के अनुसार उक्त रेलखंड के 15 अक्टूबर 2026 तक पूर्णतः विद्युतीकृत हो जाने की संभावना है। इसके बाद विद्युत कर्षण से सवारी गाड़ियों का संचालन शुरू होने पर अतिरिक्त नई रेल सेवा के संचालन की संभावना बनेगी।

रेलवे द्वारा सवाई माधोपुर-गंगापुर सिटी-दौसा-जयपुर तथा जयपुर-दौसा-गंगापुर सिटी-सवाई माधोपुर के बीच नई सेवा के संचालन के लिए अतिरिक्त मेमू रेक को समायोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। प्रस्तावित सेवा की समय-सारणी, रेक लिंक और परिचालनिक साध्यता का परीक्षण कर प्रस्ताव को आगे रेलवे बोर्ड की स्वीकृति के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

क्षेत्रीय विकास मंच के संस्थापक संयोजक डॉ. हेमन्त शर्मा ने कहा, “क्षेत्रीय विकास मंच का उद्देश्य गंगापुर सिटी और आसपास के क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं को तथ्यों एवं ठोस प्रस्तावों के साथ संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष रखना है। गंगापुर सिटी से जयपुर के लिए नई रेल सेवा की मांग भी इसी निरंतर प्रयास का हिस्सा है। रेलवे के उच्च अधिकारी द्वारा इस मांग के संबंध में जबलपुर प्रस्ताव भेजा जाना मंच के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।”

उन्होंने कहा कि मंच आगे भी गंगापुर सिटी की रेल सुविधाओं, यात्री सेवाओं, नई ट्रेनों, रेलवे कनेक्टिविटी और अन्य क्षेत्रीय विकास संबंधी विषयों को प्राथमिकता के साथ संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाता रहेगा।

क्षेत्रीय विकास मंच समिति ने इस सकारात्मक पहल के लिए रेलवे अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि प्रस्तावित नई रेल सेवा की परिचालनिक साध्यता का परीक्षण शीघ्र पूरा होगा और प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होगी। इससे गंगापुर सिटी सहित दौसा, सवाई माधोपुर और जयपुर क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Tags: