बौंली में बाल विवाह रोकथाम व बाल अधिकारों पर जागरूकता शिविर में शामिल अधिकारी व लोग।  

राजस्थान में बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सवाई माधोपुर जिले के बौंली में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार तालुका विधिक समिति बौंली के तत्वावधान में 27 नवंबर 2026 को एक्शन प्लान के तहत नगरपालिका बौंली में 'बाल विवाह मुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत यह शिविर आयोजित हुआ। इसकी अध्यक्षता तालुका अध्यक्ष विकास नेहरा ने की।

शिविर में विकास नेहरा ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए इससे होने वाले शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह रोकने के उपायों के बारे में बताया और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की उपयोगिता से भी अवगत कराया।

इस दौरान नालसा डॉन योजना 2025 के अंतर्गत नशे के दुष्परिणामों के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता कार्यक्रम, निशुल्क विधिक सहायता और एल.ए.डी.सी. योजना की जानकारी दी गई। मध्यस्थता अभियान 3.0 के तहत पारिवारिक मामलों में आपसी समझाइश के माध्यम से प्रकरणों का निस्तारण करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

पैनल अधिवक्ता अनिल कुमार शर्मा, मोहम्मद जाहिद शिर्वानी और अधिकार मित्र बामचंद भदोरिया ने विभिन्न कानूनी एवं सामाजिक विषयों पर जानकारी साझा की। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम, स्थाई लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर योजना, प्रारंभिक गर्भावस्था के दुष्प्रभावों, मातृ स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर जागरूक किया। इसके साथ ही जबरन श्रम एवं हिंसा, सड़क सुरक्षा, दुर्घटना दावों, शिक्षा के कानूनी अधिकारों और मध्यस्थता कार्यक्रम के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।

शिविर में नगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता मुनेश सैनी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से लक्ष्मी नारायण गुर्जर, तालुका सचिव गणपत सैनी, कर्मचारीगण और आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर शिविर में मौजूद सभी लोगों ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ ली। इस पहल के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और रोकथाम के उपायों के प्रति आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

Tags: