चार दिवसीय महापर्व पर सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करती व्रती महिला।

छठ महापर्व की परंपरा रामायण और महाभारत काल से जुड़ी मानी जाती है। सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित यह पर्व देशभर में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए संतान की लंबी उम्र, उज्ज्वल भविष्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इस वर्ष छठ पूजा 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाई जाएगी। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि छठ महापर्व को अलग-अलग क्षेत्रों में कई नामों से जाना जाता है और इसकी परंपरा साल में दो बार निभाई जाती है।

छठ पूजा की शुरुआत कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है और इसका समापन सप्तमी तिथि पर होता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। व्रती संतान की लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कठिन उपवास रखते हैं। इस दौरान निर्जला व्रत, सूर्य को अर्घ्य देने और पवित्रता के नियमों का विशेष महत्व होता है।

छठ पूजा को भारत के अलग-अलग हिस्सों में छठ पूजा, छठी पूजा, डाला पूजा, छठ मईया पूजा, सूर्य षष्ठी, कार्तिक छठ, चैती छठ और रवि षष्ठी के नाम से जाना जाता है। इस पर्व में बांस से बने सूप और डाले का विशेष महत्व होता है। पूजा की परंपरा में इनका महत्वपूर्ण स्थान होने के कारण इसे डाला छठ भी कहा जाता है।

छठ पूजा साल में दो बार मनाई जाती है। पहली बार चैती छठ के रूप में, जो चैती महीने में पड़ती है, जबकि दूसरी बार कार्तिक महीने में कार्तिक छठ के रूप में इसका आयोजन होता है। दोनों अवसरों पर व्रतियों की श्रद्धा और समर्पण पूजा का मूल आधार होते हैं। निर्जला उपवास रखना, सूर्य देव को अर्घ्य देना और पवित्रता के निर्धारित नियमों का पालन करना भक्तों की आस्था और संयम की परीक्षा माना जाता है।

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक छठ महापर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होकर सप्तमी तिथि तक चलता है। इस वर्ष इसकी शुरुआत 13 नवंबर, शुक्रवार से होगी और समापन 16 नवंबर, सोमवार को होगा। इस दौरान व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखेंगे। पूजा-अर्चना के माध्यम से परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और संतान के मंगलमय जीवन की कामना की जाएगी। चार दिनों तक चलने वाली यह परंपरा छठ पर्व की धार्मिक मान्यताओं, कठिन व्रत और सूर्य उपासना के महत्व को दर्शाती है।