प्राइम वीडियो की ‘द रेवोल्यूशनरीज’ में दिखेगी ‘हैरी पॉटर’ जैसी फीलिंग, प्रतिभा रांटा ने बताया कनेक्शन
प्राइम वीडियो की ‘द रेवोल्यूशनरीज’ में प्रतिभा रांटा ने क्रांतिकारियों की तुलना ‘हैरी पॉटर’ गैंग से की है। निखिल आडवाणी की यह सीरीज़ 11 सितंबर को प्रीमियर होगी और आजादी की लड़ाई को मॉडर्न अंदाज में दिखाएगी।
तस्वीर में अभिनेत्री प्रतिभा रांटा एक पारंपरिक कमरे के बिस्तर पर लेटी हुई हाथ में दस्तावेज या कागजात पकड़े हुए नजर आ रही हैं।
प्राइम वीडियो की आगामी ओरिजिनल सीरीज़ ‘द रेवोल्यूशनरीज’ को लेकर एक्ट्रेस प्रतिभा रांटा ने इसके किरदारों और कहानी को लेकर अपना नजरिया साझा किया है। दमदार स्टारकास्ट का हिस्सा प्रतिभा रांटा का कहना है कि देश के क्रांतिकारियों में उन्हें थोड़ा ‘हैरी पॉटर’ नजर आता है। उनके मुताबिक, इस सीरीज़ को किसी हिस्ट्री क्लास में पढ़ाए जाने वाले पाठ की तरह नहीं, बल्कि दोस्ती, खोज और रोमांच से भरी कहानी की तरह देखा जाना चाहिए।
‘द रेवोल्यूशनरीज’ के इतिहास को मॉडर्न तरीके से पेश करने के बारे में बात करते हुए प्रतिभा रांटा ने कहा, “मुझे लगता है कि लोगों को इसे देखते हुए बस मजा आना चाहिए, क्योंकि जब भी आप इतिहास की बात करते हैं, तो वो एक हिस्ट्री क्लास जैसा हो जाता है और मैं बिल्कुल नहीं चाहती कि दर्शकों को ऐसा लगे। मैं चाहती हूं कि वे इसे एंजॉय करें।”
एक्ट्रेस ने शो के कुछ युवा क्रांतिकारियों की तुलना ‘हैरी पॉटर’ फ्रेंचाइजी के हैरी, हर्माइनी और रॉन से की। उन्होंने कहा, “मेरे दिमाग में ‘द रेवोल्यूशनरीज’ की तुलना थोड़ी ‘हैरी पॉटर’ फ्रेंचाइजी के गैंग से होती है जैसे हैरी, हर्माइनी और रॉन हमेशा किसी जिगसॉ पज़ल को सॉल्व करने की कोशिश करते रहते थे और मैं एक तरह से क्रांतिकारियों को भी उनसे जोड़कर देखती हूं।”
प्रतिभा रांटा ने आगे कहा, “मैं चाहती हूं कि लोग शो देखें, एंजॉय करें और हमारे इतिहास में क्या हुआ था, इसके बारे में जानें, लेकिन बिल्कुल क्लासरूम वाले तरीके से नहीं। जब हम उन्हें एम्पायर के खिलाफ लड़ते हुए देखते हैं, तो ये एक दिलचस्प सफर जैसी लगनी चाहिए। मैं चाहती हूं कि हर कोई शो देखने का पूरा मजा ले, साथ ही ये भी समझे कि उस वक्त क्या हुआ था।”
उन्होंने शो के निर्देशक निखिल आडवाणी के दृष्टिकोण का भी जिक्र किया। प्रतिभा रांटा के मुताबिक, “निखिल सर ने भी इसी बात को ध्यान में रखते हुए शो को शूट किया है। इसका अप्रोच और इसके सभी किरदार जानबूझकर बहुत कंटेम्पररी रखे गए हैं। इसलिए मैं चाहती हूं कि लोग शो को देखकर बस एंजॉय करें, और ऐसा बिल्कुल महसूस न करें कि वे कोई हिस्ट्री लेसन ले रहे हैं।”
सच्ची घटनाओं से प्रेरित और भारत की आजादी की लड़ाई के बैकड्रॉप पर सेट की गई इस पीरियड ड्रामा को मशहूर फ़िल्ममेकर निखिल आडवाणी ने डायरेक्ट करने के साथ ही क्रिएट किया है। इसे मोनिशा आडवाणी और मधु भोजवानी ने एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।
शो की कहानी संजीव सान्याल की बेस्टसेलर ‘रिवोल्यूशनरीज़: द अदर स्टोरी ऑफ हाउ इंडिया वॉन इट्स फ्रीडम’ पर आधारित है। ‘द रेवोल्यूशनरीज’ की स्टारकास्ट में भुवन बम, रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरज़ादा लीड रोल्स में हैं। इनके साथ शो में जेसन शाह, पाओली दाम और तोता रॉय चौधरी भी अहम भूमिकाओं में नज़र आने वाले हैं।
‘द रेवोल्यूशनरीज’ 11 सितंबर को सिर्फ़ प्राइम वीडियो पर प्रीमियर होने वाली है। सीरीज़ में स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि और युवा क्रांतिकारियों की कहानी को आधुनिक अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है, जिसे प्रतिभा रांटा ने इतिहास के पाठ की बजाय दोस्ती, खोज और रोमांच से जोड़कर देखने की बात कही है।