तस्वीर में बाईं ओर ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा और दाईं ओर सिंगर अदनान सामी एक पॉडकास्ट के सेट पर कुर्सियों पर बैठकर बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

‘लिफ्ट करा दे’ ने अदनान सामी को लोगों के बीच अलग पहचान दिलाई, लेकिन यह गाना रिलीज होने से पहले ही रिकॉर्ड लेबल की आपत्ति का सामना कर चुका था। कोमल नाहटा के पॉपुलर पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स: द म्यूज़िक सीरीज़’ के नए सीजन में अदनान सामी ने अपने इस चर्चित गाने से जुड़ा पूरा किस्सा साझा किया।

देश के जाने-माने ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा ‘गेम चेंजर्स: द म्यूज़िक सीरीज़’ के नए सीज़न के साथ वापसी कर चुके हैं। इस सीजन में कई जाने-माने सिंगर्स, कंपोज़र्स और म्यूज़िक मास्टर्स शामिल हुए हैं और उन्होंने अपने क्रिएटिव सफर के साथ गानों के पीछे छिपी अनकही कहानियां साझा की हैं। इसी कड़ी के लेटेस्ट एपिसोड में अदनान सामी ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

भारत के सम्मानित पद्म श्री पाने वाले सिंगर अदनान सामी की देश ही नहीं, दुनिया भर में बड़ी फैन फॉलोइंग है। उन्हें इंटरनेशनल लेवल पर सिंगर के साथ-साथ पियानिस्ट और कंपोज़र के तौर पर भी जाना जाता है। अपनी ज़बरदस्त वोकल रेंज और इंडियन क्लासिकल तथा वेस्टर्न पॉप म्यूज़िक के सिग्नेचर मिक्स के लिए अलग पहचान रखने वाले अदनान सामी ने शो में उस गाने के बारे में बात की, जो उनके लिए इंडस्ट्री में गेम चेंजर साबित हुआ। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा हिट ‘लिफ्ट करा दे’ लगभग रिलीज ही नहीं हो पाया था।

अदनान सामी ने कहा, “‘लिफ्ट करा दे’ वो गाना था, जिसने मुझे असल में लोगों के बीच पहचान दिलाई। मेरा गाना हर जगह एंथम की तरह बज रहा था। मजेदार बात ये है कि उस समय रिकॉर्ड लेबल इस गाने को रिलीज़ करने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं था। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें इस गाने पर भरोसा नहीं था। उनका कहना था कि हमारे पास पहले से दो रोमांटिक गाने हैं और तीसरे गाने की बात आई तो वे एक और रोमांटिक गाना रखने के तरफ थे।”

उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने ‘लिफ्ट करा दे’ को चुना, लेकिन रिकॉर्ड लेबल ने इस पर आपत्ति जताई। अदनान सामी के मुताबिक, उनसे कहा गया, “‘कहां बरसात और कहां कभी तो नजर मिलाओ और उनके सामने ये गाना कितना डाउनमार्केट है। रोमांटिक सिंगर के तौर पर आपकी इमेज बहुत सोफिस्टिकेटेड है।’”

अदनान सामी ने बताया कि उन्होंने रिकॉर्ड लेबल को समझाया कि उन्हें इस गाने में पोटेंशियल नजर आ रहा है। उन्होंने कहा, “मैं किसी एक जॉनर तक खुद को बांधे नहीं रखना चाहता। मैं हर तरह के गाने गाना चाहता हूं। यह वो समय है जब मैं उस सोच को तोड़ना चाहता हूं, ताकि लोग मुझे किसी एक खास तरह के सिंगर की कैटेगरी में न रखें।”

सिंगर के मुताबिक, छह महीने तक लगातार मनाने के बाद रिकॉर्ड लेबल ने उन्हें यह गाना करने की इजाजत दी। पूरा गाना बिना किसी बजट के बनाया गया था। इसकी पूरी शूटिंग बॉम्बे की सड़कों पर सुबह-सुबह बिना किसी परमिशन के गुरिल्ला शूटिंग की तरह की गई थी। उस समय रिकॉर्ड लेबल के पास इस बात की कोई गारंटी नहीं थी कि यह गाना चलेगा।

इसके बाद ‘लिफ्ट करा दे’ अचानक बहुत बड़ा हिट हो गया। अदनान सामी ने बताया कि गाना हिट होने के बाद रिकॉर्ड लेबल उनके पास इसका रीमिक्स बनाने के लिए वापस आया।

कोमल नाहटा ‘गेम चेंजर्स सीज़न: द म्यूज़िक सीरीज़’ के जरिए भारतीय सिनेमा से जुड़ी बातचीत को फिर से परिभाषित कर रहे हैं। ‘गेम चेंजर: द म्यूज़िक सीरीज़’ को देखने के लिए यूट्यूब चैनल पर ट्यून-इन किया जा सकता है।