फिल्म 'किंग' के गाने 'तू मिल जाए' के एक दृश्य में शाहरुख खान के साथ भगवा परिधान में नृत्य करतीं दीपिका पादुकोण, जिसको लेकर विवाद शुरू हो गया है।   

शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' का पहला गाना 'तू मिल जाए' रिलीज होते ही विवादों और चर्चाओं में आ गया है। गाने में दीपिका पादुकोण के भगवा रंग के परिधान ने करीब तीन साल पहले आई फिल्म 'पठान' के गाने 'बेशरम रंग' से जुड़े विवाद की यादें ताजा कर दी हैं। खास बात यह है कि इस बार भी शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की वही तिकड़ी चर्चा में है, जिसके साथ भगवा रंग का मुद्दा भी दोबारा सामने आया है।

दरअसल, 'किंग' के गाने 'तू मिल जाए' में दीपिका पादुकोण भगवा रंग के परिधान में नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इस समानता को तुरंत पहचाना और इसकी तुलना 'पठान' के गाने 'बेशरम रंग' से शुरू कर दी। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने यह सवाल भी उठाया कि क्या शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद ने जानबूझकर ऐसा दृश्य रखा है, ताकि 'पठान' के दौरान भगवा रंग पर आपत्ति जताने वालों को जवाब दिया जा सके।

साल 2023 में फिल्म 'पठान' के गाने 'बेशरम रंग' में दीपिका पादुकोण की भगवा रंग की बिकिनी को लेकर काफी विवाद हुआ था। कई राजनीतिक नेताओं और धार्मिक संगठनों ने गाने के दृश्यों पर आपत्ति जताई थी। विवाद के बाद गाने में बदलाव की मांग भी उठी थी। हालांकि, इन तमाम विरोधों के बावजूद 'पठान' बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफल फिल्म साबित हुई। फिल्म ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था।

अब साल 2026 में दीपिका पादुकोण का 'तू मिल जाए' में एक बार फिर भगवा परिधान में दिखाई देना नए विवाद का कारण बन गया है। इस मामले में राजनीतिक विरोध भी सामने आया है। बीजेपी विधायक रविंदर सिंह नेगी ने गाने में बदलाव की मांग की है और विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है।

हालांकि, 'किंग' के निर्माताओं ने यह दृश्य किसी खास उद्देश्य से रखा है या यह महज एक संयोग है, इसका जवाब फिलहाल फिल्म की टीम ही दे सकती है। लेकिन शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, निर्देशक सिद्धार्थ आनंद और भगवा रंग का एक बार फिर साथ आना 'पठान' से जुड़े पुराने विवाद को चर्चा के केंद्र में ले आया है।

दिलचस्प बात यह है कि 'पठान' को विवाद के दौरान मिली व्यापक चर्चा का फायदा भी मिला था। अब 'किंग' को भी सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले इसी तरह की चर्चाएं मिल रही हैं। हालांकि, यह देखना बाकी है कि फिल्म को इस चर्चा से कितना फायदा मिलता है या इसका उलटा असर पड़ता है। 'पठान' की तरह 'किंग' भी बॉक्स ऑफिस पर सफलता दोहरा पाएगी या नहीं, इसका पता फिल्म की रिलीज के बाद ही चलेगा।

Tags: