बिग बॉस हिंदी सीजन 20 का नया रिकॉर्ड, 60 दिन से पहले 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम पार
बिग बॉस हिंदी सीजन 20 ने जियोहॉटस्टार पर 60 दिनों से भी कम समय में 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम पार कर नया रिकॉर्ड बनाया। 350 करोड़ से ज्यादा वोट, Gen Z की 45% हिस्सेदारी और 24 ब्रांड्स की साझेदारी ने शो की पहुंच को नया आयाम दिया है।
जियोहॉटस्टार पर 'बिग बॉस हिंदी सीजन 20' के 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम पूरा होने पर सेट पर नजर आए होस्ट सलमान खान व अन्य.
‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ ने जियोहॉटस्टार पर नया रिकॉर्ड कायम किया है। सितंबर में प्रीमियर हुए इस रियलिटी शो ने 60 दिनों से भी कम समय में 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम हासिल कर लिया है। फ्रेंचाइजी के इतिहास में किसी भी सीजन ने यह आंकड़ा इतनी तेजी से पार नहीं किया है। शो ने प्रीमियर के साथ ही जियोहॉटस्टार पर किसी भी रियलिटी शो की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की थी। भारत में पहली बार लॉन्च होने के दो दशक बाद भी ‘बिग बॉस’ अनस्क्रिप्टेड एंटरटेनमेंट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। 20वें सीजन की यह उपलब्धि शो की लोकप्रियता, प्रासंगिकता और भारतीय मनोरंजन जगत में उसके सांस्कृतिक प्रभाव को दर्शाती है।
इस सीजन में दर्शकों की भागीदारी केवल शो देखने तक सीमित नहीं रही है। वोटिंग, गेम्स, मीम्स और लाइव चैट के जरिए दर्शक लगातार शो से जुड़ रहे हैं। अब तक 350 करोड़ से ज्यादा वोट डाले जा चुके हैं, जो पिछले सीजन की तुलना में 71 प्रतिशत अधिक हैं। वोट करने वाले दर्शकों की संख्या में भी 48 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, पिछले सीजन के मुकाबले फैंस ने तीन गुना से ज्यादा मीम्स बनाए हैं। वहीं, शो के प्ले-अलॉन्ग गेम 'जीतो' में हिस्सा लेने वाले दर्शकों की संख्या दोगुने से अधिक हो गई है।
‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दर्शक मिल रहे हैं। सीजन की शुरुआत से ही यह यूके, कनाडा और सिंगापुर में जियोहॉटस्टार के टॉप 5 शोज में लगातार शामिल है। वहीं, यूएई में यह फिलहाल STARZPLAY पर नंबर 1 शो बना हुआ है। स्ट्रीमिंग शुरू होने के बाद से यह लगातार इस प्लेटफॉर्म के टॉप 10 शोज में अपनी जगह बनाए हुए है।
शो के होस्ट सलमान खान ने इस उपलब्धि पर कहा, “बिग बॉस का असली गेम सिर्फ घर के अंदर नहीं, बल्कि घर के बाहर भी चलता है, जहां दर्शक हर पल से जुड़े रहते हैं। जियोहॉटस्टार पर 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम हासिल करना इस बात का सबूत है कि दर्शक शो को कितना प्यार करते हैं और इससे कितना जुड़ाव महसूस करते हैं। हर सीजन कुछ नया लेकर आता है, लेकिन हमारे दर्शकों का उत्साह और जोश हमेशा बरकरार रहता है। यह उपलब्धि आप सभी की है। ‘बिग बॉस’ के इस सफर का अहम हिस्सा बनने के लिए आप सभी का धन्यवाद!”
जियोस्टार में हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस (स्ट्रीमिंग, टीवी और स्टूडियोज) के प्रमुख आलोक जैन ने कहा कि फ्रेंचाइजी के इतिहास में सबसे कम समय में 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम हासिल करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “100 करोड़ घंटे का आंकड़ा हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। यह हिंदी भाषी बाजार के हर व्यक्ति के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक घंटे से भी ज्यादा समय तक ‘बिग बॉस’ देखने के बराबर है, और इसमें टेलीविजन की व्यूअरशिप शामिल भी नहीं है। हमें खुशी है कि सीजन का लगभग आधा सफर अभी बाकी है और शो ने जियोहॉटस्टार पर 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम पार कर लिया है। यह देखकर अच्छा लगता है कि दर्शकों ने उस सीजन को इतना प्यार दिया है, जिसे हमने उनकी पसंद और शो के प्रति उनके लगाव को ध्यान में रखकर तैयार किया है। ‘बिग बॉस’ हमेशा से हर भारतीय के लिए बनाया गया शो रहा है और आज इसे बड़े शहरों से लेकर छोटे गांवों तक देखा जा रहा है। इस सीजन में हमने दर्शकों को शो का हिस्सा बनने के और भी मौके दिए हैं। अब वे सिर्फ घर के अंदर होने वाले ड्रामे को देखते नहीं, बल्कि वोटिंग, पोलिंग और बहस के जरिए घर के खेल को प्रभावित भी करते हैं। शो को अपना बनाने वाले हर दर्शक का हम दिल से शुक्रिया अदा करते हैं।”
बनिजय एशिया और एंडेमोल शाइन इंडिया के फाउंडर और ग्रुप सीईओ दीपक धर ने भी इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम हासिल करना हमारे लिए बेहद खुशी और आभार का क्षण है। इन घंटों में से हर एक घंटा उस दर्शक के प्यार और सराहना को दर्शाता है, जिसने अपना समय ‘बिग बॉस’ के घर के साथ बिताना चुना। हम इस प्यार को कभी हल्के में नहीं लेते। दो दशकों से भी ज्यादा समय से यह शो इसलिए आगे बढ़ा है, क्योंकि दर्शकों ने इसे अपना बनाया है। शो के साथ दर्शकों का जुड़ाव इस बात का प्रमाण है कि ‘बिग बॉस’ ने भारत में अनस्क्रिप्टेड कंटेंट की दुनिया को किस तरह परिभाषित किया है। यही हमें हर सीजन में इसे और बड़ा, बेहतर और दमदार बनाने के लिए प्रेरित करता है। हमारे दर्शकों को उनके प्यार और विश्वास के लिए धन्यवाद। सलमान खान, जियोस्टार में हमारे पार्टनर्स और एंडेमोल शाइन इंडिया की पूरी टीम का भी शुक्रिया, जिनके जुनून और मेहनत से हर दिन यह शो दर्शकों तक पहुंचता है। हमें इस उपलब्धि पर गर्व है और हम वादा करते हैं कि आने वाले समय में भी दर्शकों को शो से जुड़े रहने के और भी कारण देते रहेंगे।”
देश में भी शो की पहुंच महानगरों से लेकर छोटे शहरों तक बनी हुई है। ‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले बाजारों में दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, कोलकाता, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे बड़े शहर शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ, सूरत, जयपुर और नागपुर में भी शो को दर्शक मिल रहे हैं। नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी इसकी पहुंच बढ़ी है। कुल वॉच टाइम में Gen Z की हिस्सेदारी 45 प्रतिशत है। कनेक्टेड टीवी पर भी शो की व्यूअरशिप लगातार बढ़ रही है, जहां परिवार बड़ी स्क्रीन पर एक साथ कार्यक्रम देख रहे हैं।
दर्शकों की बढ़ती भागीदारी का असर विज्ञापनदाताओं के भरोसे में भी दिखाई दे रहा है। इस सीजन में 24 ब्रांड्स ने ‘बिग बॉस हिंदी’ के साथ साझेदारी की है। इनमें FMCG, ई-कॉमर्स, ब्यूटी और कॉस्मेटिक्स, फार्मास्यूटिकल्स और हेल्थकेयर, रियल एस्टेट, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, किचन और होम अप्लायंसेज के साथ-साथ नई पीढ़ी की ऑन-डिमांड होम सर्विसेज से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं।
‘बिग बॉस’ जियोहॉटस्टार की सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट फ्रेंचाइजी है और फिलहाल छह भाषाओं में प्रसारित हो रही है। यह जियोस्टार के ‘ऑलवेज ऑन अनस्क्रिप्टेड’ के वादे का भी अहम हिस्सा है। इस पहल के तहत सालभर हर दिन दर्शकों के लिए एक नया शो उपलब्ध कराया जाता है।
‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ जियोहॉटस्टार पर 24x7 स्ट्रीम हो रहा है। शो का फॉर्मेट बनिजय एंटरटेनमेंट के स्वामित्व में है और इसका निर्माण एंडेमोल शाइन इंडिया ने किया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 60 दिनों से भी कम समय में 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम हासिल करना इस सीजन की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है।