तस्वीर में धारावाहिक 'पुष्पा इम्पॉसिबल' की अभिनेत्री करुणा पांडे मुंबई में सेट पर नजर आ रही हैं।

मुंबई, नवंबर 2026। सोनी सब के लोकप्रिय धारावाहिक ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ के सेट पर दिवाली का जश्न पारंपरिक रंगों, स्वादिष्ट पकवानों और कलाकारों की मस्ती के बीच खास अंदाज में मनाया गया। पर्दे पर पारिवारिक रिश्तों और चुनौतियों से जूझ रही पुष्पा की कहानी के बीच कलाकारों ने ऑफस्क्रीन एक साथ त्योहार मनाकर खुशियों के पल साझा किए।

सोनी सब का ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ दर्शकों को पुष्पा (करुणा पांडे) के जीवन के सफर से जोड़ता है, जहां वह पारिवारिक जीवन, रिश्तों और अप्रत्याशित चुनौतियों के उतार-चढ़ाव का सामना करती हैं। कहानी में हाल ही में सामने आया है कि टाइगर (मुकुल हरीश), पुष्पा का जैविक बेटा है। इस सच्चाई के सामने आने के बाद चिराग (नितिन बाबू) और टाइगर के बीच तनाव और बढ़ गया है।

धारावाहिक में भले ही पुष्पा की जिंदगी में परेशानियां जारी हों, लेकिन सेट पर कलाकारों ने इनसे इतर दिवाली का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया। पारंपरिक परिधानों, स्वादिष्ट व्यंजनों और मनोरंजक पलों के बीच कलाकारों ने एक-दूसरे के साथ समय बिताया। यह आयोजन उनके लिए रोजमर्रा की शूटिंग से सुखद विराम लेने और एक साथ त्योहार की खुशियां साझा करने का अवसर बना।


इस मौके पर पुष्पा की भूमिका निभा रहीं करुणा पांडे, टाइगर का किरदार निभा रहे मुकुल हरीश और शनाया की भूमिका में नजर आने वाली मुस्कान बामने ने सेट पर दिवाली मनाने के अपने पसंदीदा पलों और अनुभवों को साझा किया।

करुणा पांडे ने बताया, “दिवाली का मेरा सबसे पसंदीदा हिस्सा अपने आसपास की जगह को सजाना है। मुझे लगता है कि इससे घर हो या सेट, हर जगह सकारात्मकता और अपनापन आ जाता है। हमने बहुत सारे दीये प्रज्ज्वलित किए और मैंने एक खूबसूरत रंगोली भी बनाई। मुझे त्योहारों से जुड़ी ये छोटी-छोटी खुशियां और परंपराएं बहुत पसंद हैं और ये जश्न को और भी खास बना देती हैं।”

वहीं, टाइगर की भूमिका निभा रहे मुकुल हरीश के लिए सेट पर दिवाली समारोह का सबसे आकर्षक हिस्सा मिठाइयां रहीं। उन्होंने कहा, “सेट पर दिवाली सेलिब्रेशन का सबसे अच्छा हिस्सा निश्चित रूप से खाना था। वहां मिठाइयों की इतनी सारी वैरायटी थीं और मैंने लगभग सभी का लुत्फ उठाया। दिवाली के दौरान मिठाइयों से खुद को दूर रखना मुश्किल होता है, खासकर तब जब आपके आसपास इतनी सारी मिठाइयां हों। हमने साथ मिलकर बहुत अच्छे से जश्न मनाया, खाना साझा किया और त्योहारों के माहौल का भरपूर आनंद लिया। सेट पर वह दिन वाकई बहुत मजेदार था।”

शनाया की भूमिका निभा रहीं मुस्कान बामने ने त्योहार के दौरान सजने-संवरने और कलाकारों के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा, “मुझे त्योहारों पर सजना-संवरना बहुत पसंद है, इसलिए सेट पर दिवाली मनाना मेरे लिए बेहद रोमांचक था। सभी बहुत खूबसूरती से तैयार हुए थे और पूरे सेट पर त्योहारों का बेहद प्यारा माहौल था। हम सभी एक साथ जुटे, तस्वीरें खिंचवाईं, ढेर सारा स्वादिष्ट खाना खाया और एक-दूसरे के साथ समय बिताने का आनंद लिया। ऐसा लग रहा था मानो एक बड़ा परिवार साथ मिलकर दिवाली मना रहा हो और मैंने इस दौरान बहुत अच्छा समय बिताया।”

सेट पर दीयों की रोशनी, रंगोली, पारंपरिक परिधानों, मिठाइयों और सामूहिक उत्सव के बीच कलाकारों ने दिवाली को यादगार बनाया। दर्शक ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सिर्फ सोनी सब पर देख सकते हैं।