एसबीआई ने एससीओ के छह वरिष्ठ पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है।

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर (SCO) के छह पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती में जनरल मैनेजर (GM) एवं चीफ AI ऑफिसर, डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) और AI सॉल्यूशन आर्किटेक्ट जैसे वरिष्ठ पद शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को सालाना 1.60 करोड़ रुपये तक का पैकेज मिल सकता है। भर्ती की खास बात यह है कि इसमें लिखित परीक्षा नहीं होगी। योग्य उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने इस भर्ती का नोटिफिकेशन अपनी आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in पर जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। यह नियुक्तियां निश्चित अवधि के रोजगार यानी फिक्स्ड टर्म एंप्लॉयमेंट के आधार पर की जाएंगी। पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और आयु सीमा अलग-अलग निर्धारित की गई है।

जीएम एवं चीफ एआई ऑफिसर पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीई, बीटेक या एमटेक की डिग्री होनी चाहिए। इसके समकक्ष एमएससी स्टैटिस्टिक्स या कंप्यूटर साइंस, एम स्टैटिस्टिक्स अथवा एमसीए की डिग्री वाले उम्मीदवार भी पात्रता के दायरे में शामिल हैं। इस पद के लिए बैंकिंग, बीएफएसआई या सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कम से कम 15 साल का अनुभव जरूरी है। उम्मीदवार की उम्र 40 से 55 साल के बीच होनी चाहिए।

डिप्टी जनरल मैनेजर (रिस्क एंड ऑपरेशनल एनालिटिक्स) पद के लिए संबंधित तकनीकी विषयों में बीई, बीटेक, एमटेक, एमएससी, एम स्टैटिस्टिक्स या एमसीए की डिग्री आवश्यक है। बैंकिंग, बीएफएसआई या सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कम से कम 10 साल का अनुभव होना चाहिए। इस पद के लिए आयु सीमा 35 से 50 साल निर्धारित की गई है।

डिप्टी जनरल मैनेजर (एआई गवर्नेंस एंड कंप्लायंस) पद के लिए भी कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन जैसे विषयों में बीई, बीटेक या एमटेक अथवा निर्धारित समकक्ष योग्यता जरूरी है। एमएससी स्टैटिस्टिक्स या कंप्यूटर साइंस, एम स्टैटिस्टिक्स और एमसीए की डिग्री वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। संबंधित क्षेत्र में कम से कम 10 साल का अनुभव होना चाहिए। इस पद के लिए उम्र 35 से 50 साल तय की गई है।

डीजीएम डेटा (इंजीनियरिंग, मॉडल एप्लिकेशन डेवलपमेंट एंड एआई ऑप्स) पद के लिए भी निर्धारित तकनीकी विषयों में बीई, बीटेक, एमटेक या समकक्ष डिग्री की आवश्यकता है। एमएससी स्टैटिस्टिक्स या कंप्यूटर साइंस, एम स्टैटिस्टिक्स और एमसीए की डिग्री भी मान्य योग्यता में शामिल हैं। उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में 10 साल का कार्य अनुभव होना चाहिए। आयु सीमा 35 से 50 साल रखी गई है।

एआई सॉल्यूशन आर्किटेक्ट पद के लिए कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिजनेस, एडमिनिस्ट्रेशन मैनेजमेंट या संबंधित क्षेत्र में स्नातक अथवा स्नातकोत्तर डिग्री होनी चाहिए। इस पद के लिए अधिकतम आठ साल का अनुभव निर्धारित किया गया है और उम्मीदवार की उम्र 30 से 45 साल के बीच होनी चाहिए।

एंटरप्राइज एआई आर्किटेक्ट पद के लिए कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या समकक्ष क्षेत्र में स्नातक अथवा स्नातकोत्तर डिग्री आवश्यक है। इसके साथ संबंधित क्षेत्र में आठ साल का अनुभव होना चाहिए। इस पद के लिए आयु सीमा 35 से 45 साल तय की गई है।

एसबीआई की इस भर्ती में कुल छह रिक्तियां हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 9 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया में शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, मेरिट लिस्ट और दस्तावेज सत्यापन शामिल हैं। उम्मीदवारों की योग्यता और अनुभव के आधार पर उन्हें इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।

इंटरव्यू 100 अंकों का होगा। इसके बाद मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा नहीं रखी गई है। इंटरव्यू की तारीख और अन्य संबंधित जानकारी बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

वेतन पैकेज की बात करें तो जीएम एवं चीफ एआई ऑफिसर पद के लिए सालाना सीटीसी 160 लाख रुपये यानी 1 करोड़ 60 लाख रुपये तक निर्धारित है। डीजीएम के सभी पदों के लिए सालाना सीटीसी 120 लाख रुपये यानी 1 करोड़ 20 लाख रुपये तक होगा। एआई सॉल्यूशन आर्किटेक्ट और एंटरप्राइज एआई आर्किटेक्ट पदों पर सालाना सीटीसी 90 लाख रुपये तक मिल सकता है।

वेतन संरचना में 90 प्रतिशत सीटीसी फिक्स्ड पे और 10 प्रतिशत वेरिएबल पे शामिल है। इसके अलावा सालाना इंक्रीमेंट 5 प्रतिशत तक होगा। वरिष्ठ स्तर के इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए निर्धारित योग्यता, अनुभव, आयु सीमा और आवेदन की अंतिम तारीख का ध्यान रखना जरूरी है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आधिकारिक नोटिफिकेशन के लिए एसबीआई की वेबसाइट sbi.bank.in पर जाना होगा।