तस्वीर में डॉक्टर्स का सांकेतिक चित्रण दिख रहा है। Image generated by AI for illustrative purposes.

दिल्ली में सरकारी अस्पताल में डॉक्टर की नौकरी पाने का अवसर सामने आया है। नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में छह विभागों में सीनियर रेजिडेंट के पदों पर भर्ती के लिए वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा। चयन प्रक्रिया में दस्तावेजों के आधार पर इंटरव्यू लिया जाएगा और चयनित अभ्यर्थियों को 2,08,700 रुपये तक प्रतिमाह वेतन मिल सकता है।

सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ने एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी (ओब्स एंड गायनी), सर्जरी और पैथोलॉजी विभागों में सीनियर रेजिडेंट के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इस संबंध में विज्ञापन दिल्ली सरकार की आधिकारिक वेबसाइट health.delhi.gov.in पर जारी किया गया है।

सुबह 9 से 11 बजे तक इंटरव्यू

इच्छुक उम्मीदवार सुबह 9 बजे से 11 बजे तक वॉक-इन इंटरव्यू के लिए जा सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी रिक्त पद भर नहीं जाते। इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित योग्यता और जरूरी दस्तावेजों के साथ इंटरव्यू में शामिल होना होगा।

सीनियर रेजिडेंट पद के लिए शैक्षणिक योग्यता

इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास दिल्ली मेडिकल काउंसिल से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एमबीबीएस के साथ पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। हालांकि, यदि पदों के लिए पीजी उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होते हैं, तो एमबीबीएस उम्मीदवारों पर भी विचार किया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवार के पास दो साल का अनुभव होना जरूरी है, जिसमें से एक साल संबंधित विभाग में काम करने का अनुभव होना चाहिए।

इंटरव्यू की तारीख तक उम्मीदवार की उम्र 45 साल होनी चाहिए। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के पास दिल्ली मेडिकल काउंसिल (DMC) में वैध पंजीकरण होना अनिवार्य है।

67,700 से 2,08,700 रुपये तक प्रतिमाह वेतन

इस भर्ती के तहत सीनियर रेजिडेंट के पद पर चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स के लेवल-11 के अनुसार 67,700 रुपये से 2,08,700 रुपये तक प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी।

नियुक्ति से पहले होगा दस्तावेज सत्यापन

इंटरव्यू में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति से पहले दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस दौरान उनकी आयु, पते का प्रमाण, जाति प्रमाण पत्र, DMC पंजीकरण और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

नियुक्ति का ऑफर लेटर जारी होने के बाद अभ्यर्थियों के लिए सात दिनों के भीतर जॉइन करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में जॉइन नहीं करने पर उनका ऑफर अपने आप रद्द हो जाएगा।

इस भर्ती में लिखित परीक्षा के बजाय वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से चयन का अवसर दिया गया है। निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और पंजीकरण की शर्तें पूरी करने वाले उम्मीदवारों के लिए यह दिल्ली के सरकारी अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट के पद पर नियुक्ति पाने का अवसर है।