राजस्थान के 23 जिलों में नई खाद वितरण व्यवस्था, फार्मर आईडी जरूरी
| रबी सीजन में किल्लत और कालाबाजारी रोकने के लिए भूमि रिकॉर्ड व आईएफएमएस पोर्टल से जुड़ेंगी पीओएस मशीनें; बिना फार्मर आईडी अनुदानित खाद में आ सकती है दिक्कत।
रबी सीजन में खाद की किल्लत और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए राजस्थान सरकार 25 नवंबर से खाद वितरण की नई व्यवस्था लागू करने जा रही है। फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल्स (एफएफएस) नाम से शुरू होने वाली यह व्यवस्था डीग सहित प्रदेश के 23 जिलों में लागू होगी। इसके तहत किसानों को उनकी भूमि के रकबे और फसल की आवश्यकता के अनुसार ही यूरिया एवं डीएपी उपलब्ध कराया जाएगा।
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) हब्बल सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत खाद वितरण प्रक्रिया को किसानों के भूमि रिकॉर्ड से जोड़ा गया है। इसके लिए खुदरा विक्रेताओं की पीओएस मशीनों को आईएफएमएस पोर्टल से लिंक कर दिया गया है। अब किसान जब खाद खरीदने पहुंचेंगे तो उनकी फार्मर आईडी दर्ज करते ही भूमि का पूरा रिकॉर्ड स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा। इसके आधार पर विभागीय सिफारिश के अनुसार आवश्यकतानुसार यूरिया एवं डीएपी का वितरण किया जा सकेगा।
नई व्यवस्था में यूरिया और डीएपी खरीदने के लिए किसानों की फार्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आईडी अनिवार्य कर दी गई है। ऐसे में जिन किसानों ने समय रहते पंजीकरण नहीं करवाया है या जिनके भूमि रिकॉर्ड की प्रविष्टियां अपडेट नहीं हैं, उन्हें सरकारी अनुदानित यूरिया एवं डीएपी खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) ने बताया कि रबी की बुवाई के पीक सीजन में खाद की मांग बढ़ने के दौरान लंबी कतारों और कालाबाजारी की समस्या पर नियंत्रण के उद्देश्य से एफएफएस व्यवस्था लागू की जा रही है। इससे किसानों को उनकी भूमि और फसल की जरूरत के अनुरूप खाद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस संबंध में नव नियुक्त कृषि आदान विक्रेताओं को एफएफएसएस प्रणाली की कार्यप्रणाली की जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) हेम्बल सिंह, कृषि अधिकारी (मिट्टी) एवं कृषि अधिकारी (फसल) उपस्थित रहे।
25 नवंबर से शुरू होने वाली यह व्यवस्था खाद वितरण को किसानों के भूमि रिकॉर्ड और फार्मर आईडी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव है। इसके लिए किसानों का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण और भूमि रिकॉर्ड का अपडेट होना अनिवार्य होगा।