डीग रोशनी महिला मंडल ने तीन बेटियों के विवाह में किया कन्यादान
| नेत्रहीन पिता, अनाथ और मजदूर परिवार की बेटियों को 5100 रुपये नकद व आभूषण दिए गए
देवउठनी एकादशी पर डीग रोशनी महिला मंडल ने जरूरतमंद बेटी के विवाह में कन्यादान कर सहायता सामग्री भेंट की।
देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर डीग रोशनी महिला मंडल ने मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए तीन जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में कन्यादान कर सहयोग का हाथ बढ़ाया। मंडल ने सभी दानदाताओं के सहयोग से तीनों बेटियों को विवाह के अवसर पर 5100-5100 रुपये की नकद राशि, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य आवश्यक सामग्री भेंट कर उनके नए जीवन की शुरुआत में सहभागी बनने का प्रयास किया।
तीनों बेटियों के परिवारों की आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियां बेहद कठिन हैं। इनमें एक बेटी के पिता नेत्रहीन हैं, दूसरी बेटी के माता-पिता दोनों इस दुनिया में नहीं हैं, जबकि तीसरी बेटी का परिवार मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता है। ऐसे जरूरतमंद परिवारों की मदद कर महिला मंडल ने समाज के सामने यह संदेश प्रस्तुत किया कि सामूहिक सहयोग से किसी बेटी के विवाह की खुशियों को खास बनाया जा सकता है।
मंडल की संस्थापिका श्रीमती मीरा गोयल ने कहा कि बेटियों का कन्यादान करना केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि उनके जीवन की नई शुरुआत में सहभागी बनने का सौभाग्य है। मंडल का प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी बेटी के विवाह की खुशियों में कमी नहीं आए।
मंडल अध्यक्ष श्रीमती मधु जैन ने कहा कि यह पुनीत कार्य सभी दानदाताओं के सहयोग और सदस्यों की सेवा भावना से संभव हो पाया है। जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर संतोष और बेटियों की आंखों में खुशी देखकर ही मंडल को अपने प्रयासों की सार्थकता महसूस होती है।
इस अवसर पर मंडल की कोषाध्यक्ष कृपा शर्मा, उपाध्यक्ष राजेश शर्मा एवं प्रेमलता अग्रवाल, रजनी सक्सेना, दीपा, सुनीता गिरदावर, रानी फौजदार, रमा सचदेवा और नेहा यादव सहित मंडल की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस सेवा कार्य में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
डीग रोशनी महिला मंडल ने इस पुनीत कार्य में आर्थिक एवं अन्य प्रकार से सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं और सहयोगकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।