डीग, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब पात्र उपभोक्ताओं को बैंक खाते और एलपीजी सब्सिडी से संबंधित विवरण अपडेट कराने के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। वे घर बैठे जनाधार मुखिया का बैंक खाता और एलपीजी सब्सिडी का विवरण अपडेट कर सकेंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने इस संबंध में नई गाइडलाइन जारी की है।

जिला रसद अधिकारी राहुल राज जादौन ने बताया कि नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, यदि परिवार के जनाधार मुखिया के बैंक खाते में बदलाव किया जाता है, तो नए खाते का नंबर जनाधार और एलपीजी सब्सिडी पोर्टल दोनों पर अपडेट करना अनिवार्य होगा। इसके लिए उपभोक्ता विभागीय वेबसाइट के माध्यम से अथवा नजदीकी राशन डीलर के पास जाकर जनाधार और एलपीजी आईडी की मैपिंग करवा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में खाद्य सुरक्षा योजना से कुल 1,62,313 उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। इनमें से अब तक 1,06,317 परिवारों ने अपनी एलपीजी आईडी की मैपिंग करवा ली है। इस तरह जिले में 65.50 प्रतिशत उपभोक्ताओं की जनाधार मैपिंग पूरी हो चुकी है।

जिला रसद अधिकारी ने शेष लाभार्थियों से जल्द से जल्द अपने बैंक खाते का विवरण अपडेट कराने और जनाधार के साथ एलपीजी आईडी की मैपिंग सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि उन्हें मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी राशि का लाभ प्राप्त हो सके।

Tags: