दुर्ग में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के पोडियम पर स्वर्ण पदक विजेता योगेंद्र सोगरवाल अन्य खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं।   

डीग जिले के पावरलिफ्टर योगेंद्र सोगरवाल ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग फेडरेशन कप में 83 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राजस्थान का नाम रोशन किया। 23 और 24 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में योगेंद्र ने कुल 692.5 किलोग्राम वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया।

योगेंद्र सोगरवाल ने पारिवारिक परिस्थितियों और व्यक्तिगत दुख के बावजूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता से महज तीन दिन पहले उनकी दादी का स्वर्गवास हो गया था। घर में विपरीत परिस्थितियों और कठिन हालात का सामना करने के बावजूद उन्होंने प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

योगेंद्र की इस उपलब्धि पर राजस्थान टीम के मैनेजर एवं पावरलिफ्टिंग इंडिया के उपाध्यक्ष विनोद साहू को भी बधाई दी गई। योगेंद्र सोगरवाल जयपुर स्थित जैमन लिफ्ट सेंटर में अभ्यास करते हैं।

योगेंद्र के कोच एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आशीष जैमन ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर लौटने पर योगेंद्र सोगरवाल का स्वागत और सम्मान किया जाएगा। पारिवारिक दुख के बीच राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना योगेंद्र के प्रदर्शन की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

Tags: