डीग गुरुद्वारा साहिब में प्रकाश उत्सव के दौरान केक काटने के आयोजन में शामिल श्रद्धालु व समाजजन।  

डीग, 24 नवंबर। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में डीग के सौ घर मोहल्ला स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में आयोजित त्रिदिवसीय कार्यक्रमों के तहत मंगलवार सुबह भव्य प्रभात फेरी शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा और उत्साह के बीच निकली इस प्रभात फेरी का शहर में जगह-जगह पुष्पवर्षा, स्वल्पाहार और प्रसाद वितरण कर स्वागत किया गया।

प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब परिसर से रवाना होकर तेलीपाड़ा, लक्ष्मण मंदिर, मुख्य बाजार, घंटाघर, नई सड़क, गणेश मंदिर और पुरानी अनाज मंडी होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। साथ ही स्वल्पाहार और प्रसाद का वितरण भी किया गया।

गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ के समापन के बाद कीर्तन दरबार सजाया गया। इस दौरान अरदास की गई और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव की खुशी में केक काटा गया। ग्रंथी सिंहों को सरोपा पहनाकर सम्मानित किया गया। दोपहर बाद गुरुद्वारा परिसर में आकर्षक रंगोली बनाई गई। वहीं, शाम छह बजे से अटूट लंगर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम का संचालन पंजाबी समाज के जिला अध्यक्ष गुलशन कुमार लुथरा ने किया। इस अवसर पर हरीश अरोड़ा, सोमनाथ अरोड़ा, ज्ञान चावला, सुरेंद्र पाल जग्गी, प्रदीप मनोचा, रमेश अरोड़ा, सुमित बुद्धराजा, महेंद्र सेठी, गुरुचरण लुथरा, अंकित जग्गी, गोल्डी सरदार, पंजाबी समाज अध्यक्ष अशोक अरोड़ा और गुरुद्वारा कमेटी अध्यक्ष अमित अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रकाश उत्सव के अवसर पर आयोजित इन धार्मिक कार्यक्रमों में प्रभात फेरी, कीर्तन दरबार और अटूट लंगर के माध्यम से श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

Tags: