राशन डीलरों का 15 लाख रुपये भुगतान अटका, 10 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम
डीग में राशन डीलरों ने अनलोडिंग भुगतान को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। करीब 15 लाख रुपये बकाया भुगतान पर 10 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया।
तस्वीर में कुछ लोग कार्यालय में एक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दिखाई दे रहे हैं।
डीग में राशन डीलर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरसै के नेतृत्व में राशन डीलरों ने अनलोडिंग भुगतान को लेकर बुधवार को जिला कलेक्टर मयंक मनीष और जिला रसद अधिकारी डीग अर्पित अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। डीलरों ने पिछले एक वर्ष से अनलोडिंग राशि का भुगतान लंबित होने का मुद्दा उठाते हुए जल्द भुगतान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के परिवहन ठेकेदार, परिवहनकर्ता फर्म बजरंग ट्रेडिंग एंड कंपनी, कोटा, राजस्थान द्वारा डीलरों का अनलोडिंग भुगतान पिछले एक वर्ष से लंबित पड़ा हुआ है। डीलरों के अनुसार विभाग की ओर से डीलरों की अनलोडिंग राशि का भुगतान हो चुका है, लेकिन परिवहनकर्ता फर्म की ओर से पूरी राशि का भुगतान नहीं किया गया।
ज्ञापन के अनुसार मई 2025 से जनवरी 2026 तक कुल 9 महीने की अनलोडिंग राशि के रूप में डीलरों का लगभग 19 लाख 50 हजार रुपये बनता है। इसमें से उचित मूल्य दुकानदारों को फर्म की ओर से केवल मई और जून 2025 के दो महीनों का लगभग 4 लाख 42 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। इसके बाद डीलरों का करीब 15 लाख रुपये का भुगतान शेष है।
राशन डीलरों ने भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि 10 अक्टूबर तक डीलरों का भुगतान नहीं किया गया तो वे धरना और प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान कामा ब्लाक अध्यक्ष हरवंश चौधरी, जगदीश सहारई, विष्णु गुप्ता, रोशनलाल, विजेंद्र पहलवान, नारायण सिंह और संभाग संयोजक हेमसिंह फौजदार डीग मौजूद रहे।