तस्वीर में अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना जीतो नवी मुंबई चैप्टर के चेयरमैन महेंद्र चोरड़िया को 'श्रेष्ठ उभरता हुआ चैप्टर' अवॉर्ड प्रदान करते नजर आ रहे हैं, साथ में अन्य सदस्य भी मौजूद हैं।

मुंबई। जीतो नवी मुंबई चैप्टर ने अपनी उल्लेखनीय गतिविधियों और विभिन्न सामाजिक एवं सामुदायिक पहलों के दम पर प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया है। मुंबई जोन के नवी मुंबई चैप्टर को इंदौर में आयोजित जीतो एपेक्स नेशनल समीक्षा अवॉर्ड्स 2024-26 में ‘श्रेष्ठ उभरता हुआ चैप्टर’ यानी इमर्जिंग चैप्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

बॉलीवुड अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने यह सम्मान जीतो नवी मुंबई चैप्टर के चेयरमैन महेंद्र चोरड़िया को प्रदान किया। समारोह में भारत और विदेशों के 94 जीतो चैप्टर्स के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

महेंद्र चोरड़िया को यह सम्मान मूल्यांकन अवधि के दौरान सदस्य संख्या में 105 सदस्यों की वृद्धि, समाज के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित करने वाले अनूठे प्रोजेक्ट्स, महिला सशक्तीकरण की पहल, जीतो मैट्रिमोनी, जीतो बिजनेस नेटवर्क, सामूहिक नवकार जाप और जीतो जॉब्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों के आधार पर प्रदान किया गया।

इस अवसर पर महेंद्र चोरड़िया ने जीतो की विभिन्न परियोजनाओं पर प्रकाश डाला और प्राप्त सम्मान को पूरी टीम को समर्पित किया। नवी मुंबई चैप्टर को मिला यह सम्मान उसकी सदस्य संख्या में वृद्धि के साथ सामाजिक, महिला सशक्तीकरण, रोजगार और सामुदायिक गतिविधियों में किए गए कार्यों को मिली महत्वपूर्ण पहचान के रूप में सामने आया।