उदयपुर में इनर व्हील क्लब का 51वां चार्टर डे, सावन उत्सव और फ्रेंडशिप डे उत्साह के साथ संपन्न

पूर्व अध्यक्षों व सचिवों के सम्मान के साथ महिलाओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्सव का आनंद लिया।

Update: 2026-08-05 08:05 GMT

इनर व्हील क्लब उदयपुर की ओर से भैरव बाग में क्लब का 51वां चार्टर डे, सावन उत्सव एवं फ्रेंडशिप डे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्लब की वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।

क्लब की प्रेसिडेंट रेखा जैन ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि जिन लोगों ने पिछले 51 वर्षों से नींव के पत्थर की तरह कार्य करते हुए क्लब को ऊंचाइयों तक पहुंचाया, उनका अभिनंदन कर सभी स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इस अवसर पर सभी पूर्व प्रेसिडेंट एवं सेक्रेटरी का ऊपरना और उपहार भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में चार्टर मेंबर पुष्पा जी कोठारी, पीडीसी चंद्रप्रभा मोदी, शीला तलेसरा, पुष्पा सेठ, रश्मि पगारिया, रेखा भाणावत, अंजु माहेश्वरी, अरूणा जावरिया, रीटा महाजन, बेला जैन सहित 30 पूर्व अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे।

सचिव एडवोकेट साधना मेहता ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सावन उत्सव के दौरान सभी महिलाएं रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों में शामिल हुईं और उनके गीत, संगीत तथा नृत्य प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण सावन की उमंग से सराबोर हो गया।

पूर्व अध्यक्ष चन्द्र कला कोठारी ने बताया कि हाऊजी, गीत-संगीत और हंसी-ठिठौली के कार्यक्रमों ने सभी सदस्यों का भरपूर मनोरंजन किया। एडवाइज़र रश्मि पगारिया ने सावन के गीतों पर आधारित हाऊजी का आयोजन कराया तथा विजेताओं को पारितोषिक प्रदान किए।

आईएसओ सुनयना जैन ने सभी सदस्यों को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन सीसी अंजू महेश्वरी एवं निशा अग्रवाल ने किया, जबकि उपाध्यक्ष बबिता जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया। क्लब के 51वें चार्टर डे, सावन उत्सव और फ्रेंडशिप डे के संयुक्त आयोजन ने सदस्यों के बीच आपसी सौहार्द, सम्मान और उत्सव का वातावरण बनाया।

Similar News