तस्वीर में सेमा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का खुला प्रांगण और शेड नजर आ रहा है।

मुंबई प्रवासी विनोद वडाला परिवार के सहयोग से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेमा, राजसमंद में विद्यार्थियों के लिए कई विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। भामाशाह परिवार के सहयोग से स्कूल में किचन, कक्षा-कक्ष, फर्नीचर और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

विद्यालय विकास समिति से जुड़े सुरेश कोठारी ने बताया कि मुंबई प्रवासी विनोद वडाला परिवार के जमकुबाई इंद्रमल वडाला चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से स्कूल में किचन के लिए स्टील बेंच-सेट, डोम एवं फर्श निर्माण का कार्य करवाया गया है। इसके साथ ही तीन नए कक्षा-कक्ष और स्कूल गेट का निर्माण कराया गया है।

विद्यालय में करीब 300 विद्यार्थियों के लिए टेबल-कुर्सियों की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा नई बाउंड्री वॉल तथा किचन शेड का निर्माण भी चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से करवाया गया है।

सुरेश कोठारी ने बताया कि गणित एवं विज्ञान विषय के शिक्षकों के मानदेय का व्ययभार भी जमकुबाई इंद्रमल वडाला चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा वहन किया जा रहा है।

विद्यालय विकास समिति ने भामाशाह परिवार के इस सहयोग को विद्यार्थियों के लिए शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इन विकास कार्यों से विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिली है।