शिशोदा में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
राजसमंद के शिशोदा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। ध्वजारोहण, देशभक्ति प्रस्तुतियों और प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।
तस्वीर में मंगल चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष मेघराज धाकड़ राजसमंद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान माइक पर संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।
मुंबई। राजसमंद जिले के श्रीमती कंकुबाई-सोहनलालजी धाकड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिशोदा में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परेड से हुई। इसके बाद संस्था प्रधान लोकेश पालीवाल ने ध्वजारोहण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर मंगल चैरिटेबल ट्रस्ट मुंबई के अध्यक्ष मेघराज धाकड़ ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को पारितोषिक वितरित किए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने राष्ट्रीय मूल्यों और राष्ट्र के प्रति दायित्व की याद दिलाता है। हमारे लिए घर-परिवार से पहले राष्ट्र है। राष्ट्र सुरक्षित रहेगा तो हम और हमारा समाज भी सुरक्षित रहेगा।
मेघराज धाकड़ ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में मेवाड़ के लोगों का भी बड़ा योगदान रहा है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि हर अच्छा कार्य राष्ट्र की सेवा है, इसलिए वे सदैव अच्छे कार्यों से जुड़े रहें। बच्चों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व आईएएस अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, सोहनलाल धाकड़, अजित धाकड़, इंद्रा जैन, हार्दिक जैन सहित विद्यालय परिवार के शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और प्रतिभावान बच्चों के सम्मान के माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय भावना का संदेश दिया गया। यह जानकारी कपिल जैन ने दी।