तस्वीर में जीतो प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ खड़े राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल।

मुंबई। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल से उनके कार्यालय में मुलाकात की। करीब दो घंटे चली इस महत्वपूर्ण बैठक में आगामी 20 वर्षों की योजनाओं और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।

प्रतिनिधिमंडल में जीतो एपेक्स चेयरमैन पृथ्वीराज कोठारी, प्रेसिडेंट विजय भंडारी, सेक्रेटरी जनरल ललित डांगी, नॉर्थ जोन चेयरमैन रमन जैन एवं कन्वीनर प्रीति गांधी शामिल थे। बैठक के दौरान जैन समाज की ओर से देश के विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा में दिए जा रहे योगदान तथा समाज की विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रहित से जुड़ी गतिविधियों पर चर्चा हुई।

जीतो एपेक्स के सेक्रेटरी जनरल ललित डांगी के अनुसार, अजीत डोभाल ने जीतो की विभिन्न समाजोपयोगी योजनाओं और गतिविधियों को विस्तार से समझा तथा संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने देश के विकास में जैन समाज द्वारा दिए जा रहे योगदान की भी प्रशंसा की।

बैठक में जैन समाज की सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। डोभाल ने कहा कि इन विषयों पर आगे भी संवाद और समन्वय आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि जैन समाज की सुरक्षा एवं राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए समाजबंधुओं का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही दिल्ली आएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने जीतो की ओर से युवाओं, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स तथा समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। बैठक में राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने तथा भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग एवं सहभागिता बढ़ाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। इस तरह बैठक में जीतो की दीर्घकालिक योजनाओं के साथ सामाजिक योगदान, राष्ट्रीय सुरक्षा और भविष्य के सहयोग से जुड़े विषयों पर संवाद हुआ।

Tags: