तस्वीर में कई पुरुष और युवक खुले परिसर में नीली चादर पर बैठकर आपस में चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं।

नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच वार्ड नंबर 12 में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। परंपरागत रूप से अल्पसंख्यक बाहुल्य माने जाने वाले इस वार्ड में पिछले कई चुनावों से बाहरी प्रत्याशियों को लेकर वार्डवासियों में नाराजगी की चर्चा रही है। अब वार्ड के स्थानीय निवासी मोईनुद्दीन उर्फ मुन्ना के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने से चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।

वार्ड नंबर 12 में युवाओं एवं सम्मानित वार्डवासियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित युवाओं एवं वार्डवासियों ने सर्वसम्मति से स्थानीय, कर्मठ एवं जनसेवा के प्रति समर्पित मोईनुद्दीन उर्फ मुन्ना को निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी के रूप में समर्थन देने का संकल्प लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए मोईनुद्दीन उर्फ मुन्ना ने कहा कि यदि वार्डवासियों ने उन्हें सेवा का अवसर दिया तो वे बिना किसी भेदभाव के पूरी ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ वार्ड के विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही।

बैठक में मौजूद युवाओं एवं वार्डवासियों ने प्रत्याशी के समर्थन में एकजुटता जताई। साथ ही आगामी दिनों में बैठकें आयोजित कर चुनावी रणनीति तैयार करने और वार्ड के विकास एवं जनहित के मुद्दों को लेकर लोगों के बीच पहुंचने का संकल्प लिया।

खास बात यह रही कि बैठक में शामिल अधिकांश लोगों की विचारधारा कांग्रेस से जुड़ी बताई जा रही है। ऐसे में कांग्रेस के परंपरागत माने जाने वाले वार्ड में स्थानीय निर्दलीय प्रत्याशी का सामने आना आगामी चुनाव में कांग्रेस के लिए चुनौती बन सकता है। वार्ड नंबर 12 में स्थानीय बनाम बाहरी प्रत्याशी का मुद्दा चुनावी चर्चा का प्रमुख केंद्र बनने के आसार हैं।

बैठक में वसीम जनरान, रफीक अजमेरी, मोईनुद्दीन अजमेरी, वसीम राजा, आरिफ अंसारी, शौकत गहलोत, रफीक मुल्तानी, महबूब गहलोत, शफीक पठान, हुसैन शाह, शकील शाह, जाकिर नीलगर, आदिल नीलगर सहित कई वार्डवासी मौजूद रहे।

Tags: