बस्सी टोल प्लाजा के पास खाई में डूबा पदयात्री, सिविल डिफेंस ने घंटों मशक्कत के बाद निकाला शव
बस्सी टोल प्लाजा के पास खाई में डूबने से पदयात्री किशन की मौत हो गई। सिविल डिफेंस टीम ने घंटों मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला।
तस्वीर में बाईं ओर एक व्यक्ति सड़क पर चलता दिखाई दे रहा है, बीच में सिविल डिफेंस की टीम पानी के पास बचाव कार्य कर रही है, और दाईं ओर स्ट्रेचर पर शव को ले जाया जा रहा है।
बस्सी थाना क्षेत्र में बस्सी टोल प्लाजा के पास स्थित गहरी खाई में डूबने से एक पदयात्री की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामवासियों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। खाई गहरी होने के कारण चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया गया, जिसने घंटों मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाला।
थानाप्रभारी प्रेम सिंह जादौन ने बताया कि किशन (26) पुत्र रोशन गवारिया, निवासी शनिमहाराज कपासन, अपने मित्रों के साथ जोगणिया माता के दर्शन के लिए पैदल जा रहा था। इसी दौरान सभी लोग बस्सी टोल प्लाजा के पास एक होटल पर रुके। वहां से सभी नहाने के लिए पास में बनी खाई की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि किशन ने नशा कर रखा था और आगे निकलते हुए खाई में कूद गया। देखते ही देखते वह खाई की गहराई में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। खाई गहरी होने के कारण पुलिस ने चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया। टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद किशन का शव खाई से बाहर निकाला।
पुलिस की मौजूदगी में शव को बस्सी उपजिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।