तस्वीर में देवदा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ीसादड़ी के मुख्य द्वार के बाहर साफा पहने और गले में पट्टिका डाले 'स्कूल फ्रेंड बड़ीसादड़ी' संगठन के सदस्य खड़े नजर आ रहे हैं।

बड़ीसादड़ी में छह दशक पहले स्कूल की कक्षाओं में साथ पढ़ने वाले मित्रों की दोस्ती आज समाजसेवा की मिसाल बन गई। ‘स्कूल फ्रेंड बड़ीसादड़ी’ से जुड़े 40 से अधिक मित्रों ने बुधवार को देवदा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित स्वागत एवं विद्यार्थी सम्मान समारोह में भाग लिया। इस दौरान संगठन की ओर से विद्यालय विकास के लिए 21 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई, जबकि संगठन के सदस्य और इंदौर मेडिकेप्स यूनिवर्सिटी के वित्तीय सलाहकार अशोक पितलिया ने 40 हजार रुपए मूल्य का 55 इंच का स्मार्ट टीवी विद्यालय को भेंट किया।

समारोह में ‘स्कूल फ्रेंड बड़ीसादड़ी’ की ओर से विद्यालय के सभी 150 विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर उत्साहवर्धन किया गया। इनमें 70 प्रतिभावान विद्यार्थी, होनहार खिलाड़ी, अनुशासन एवं स्वच्छता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को खेल एवं शिक्षण सामग्री भी वितरित की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल फ्रेंड बड़ीसादड़ी के महेंद्र सिंह मेहता रहे, जबकि अध्यक्षता प्रशासक राजकुमार जाट ने की। ग्रामवासियों और विद्यालय परिवार ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह मेहता ने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार और जीवन मूल्यों का विकास भी जरूरी है। उन्होंने माता-पिता के सम्मान को जीवन का सर्वोच्च कर्तव्य बताया।

अभावों को सफलता की राह में बाधा नहीं बनने दें

उदयपुर से आए समाजसेवी रमेश चंद्र मेहता ने विद्यार्थियों से अपने बचपन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता में बाधा नहीं बनती। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

रमेश चंद्र मेहता ने सामाजिक सरोकार से जुड़ते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी जरूरतमंद को रक्त की आवश्यकता होने पर वे हर संभव मदद के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उनके इस संकल्प की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

मित्रता को समाजसेवा से जोड़ने का संकल्प

‘स्कूल फ्रेंड बड़ीसादड़ी’ के सदस्यों ने कहा कि छह दशक पुरानी मित्रता को समाजसेवा का माध्यम बनाना ही संगठन का उद्देश्य है। ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और जरूरतमंद बच्चों को प्रोत्साहन व सहयोग देकर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही वर्ष में कम से कम दो बार सभी मित्रों के एकत्र होने और पुराने संबंधों को जीवंत बनाए रखने का संकल्प भी दोहराया गया।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार वैष्णव, पूर्व प्रधानाध्यापक महेंद्र कुमार जैन, प्रशासक राजकुमार जाट, स्कूल फ्रेंड बड़ीसादड़ी के शांतिलाल मेनारिया, गोपाल सिंह झाला, कालूलाल मोगरा, अशोक मेहता, महेंद्र सिंह मेहता, रमेश चंद्र मेहता, अशोक पितलिया, राहुल मेहता, राजेंद्र कंठालिया, सौभाग्य सिंह मेहता, अनिल कुमार मेहता, हरनारायण बांगड़, राजू रावलानी, घनश्याम व्यास एवं महेंद्र बाबेल सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

Tags: