तस्वीर में खरडेश्वर महादेव मंदिर में जगन्नाथ स्वरूप श्रृंगार और छप्पन भोग के साथ सजे दरबार के दर्शन हो रहे हैं।

सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन अवसर पर शहर के खरडेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित भजन संध्या में इंडियन आइडल फेम गायक सवाई भाट ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। देर रात तक मंदिर परिसर में श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे।

सवाई भाट के खरडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर संस्थान अध्यक्ष किशन लाल सोनी, चंद्रेश सिंह तंवर, देवराज साहू, छोटू वैष्णव आदि ने उपरना ओढ़ाकर और तस्वीर भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद सवाई भाट ने ‘भोले को कैसे मैं मनाऊं’, ‘मेरा भोला भंडारी’ और खाटू श्याम के भजनों की प्रस्तुति देकर भजन संध्या में समां बांध दिया। मंदिर परिसर में देर रात तक श्रद्धालु डटे रहे और भजनों की सरिता में सराबोर होकर थिरकते रहे।

भजन संध्या में भजन गायक दीपक, माही जोशी, खुशी जोशी और माया चौहान ने भी अपने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबोया। कार्यक्रम में सावा, नीमच और निम्बाहेड़ा से भी श्रद्धालु पहुंचे।

महादेव को धराया छप्पन भोग

सावन के तीसरे सोमवार को खरडेश्वर महादेव का जगन्नाथ स्वरूप में श्रृंगार कर छप्पन भोग धराया गया। मंदिर के गर्भगृह में सांवलिया जी का भी दरबार लगाया गया। श्री सांवलिया दरबार और जगन्नाथ स्वरूप में महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जो देर रात तक जारी रहा।

खरडेश्वर महादेव मंदिर में ढाई सौ से अधिक व्यंजनों का भोग धराया गया। खास बात यह रही कि कई श्रद्धालु अपने घरों से व्यंजन बनाकर लाए, जिनका भी भगवान को भोग लगाया गया। छप्पन भोग बाद में श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।

नक्षणेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक, विशेष श्रृंगार एवं छप्पन भोग का आयोजन

दुर्ग स्थित श्री नक्षणेश्वर महादेव मंदिर में सोम के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक, विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। यह धार्मिक आयोजन दुर्ग के श्री बाल मानस मंडल के सानिध्य में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर मंदिर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की अयोध्या वाली प्रतिमा भी विराजित की गई। मंदिर परिसर को फूल-मालाओं से आकर्षक रूप से सजाया गया तथा भगवान नक्षणेश्वर महादेव का मनोहारी श्रृंगार किया गया। महादेव को फूल, फल एवं विभिन्न प्रकार की प्रसादी का भोग अर्पित किया गया।

पंडित एवं पुजारी जुगल किशोर शर्मा ने महाआरती संपन्न कराई। वहीं पुजारी महेश चंद्र शर्मा, दिनेश चंद्र शर्मा एवं सत्यनारायण शर्मा के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

शाम के समय डमरू, ढोल-नगाड़ों एवं मंजीरों की भक्तिमय धुनों के बीच महाआरती की गई। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ऊ नमः शिवाय के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान शिव की आराधना की और भक्तिरस में लीन हो गए।

धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण शामिल हुए। हरीश ईनाणी, मनोहर सुथार, भगवान लाल, देवकीनंदन, मुकेश, प्रवेश, प्रीतम, अनिल एवं गोपाल शर्मा सहित अन्य भक्तों ने भगवान नक्षणेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

Tags: