तस्वीर में पुलिसकर्मी दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं।

कोतवाली पुलिस ने गांधीनगर में घर में घुसकर किए गए जानलेवा हमले के मामले का महज 8 घंटे में खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को मध्य प्रदेश के नयागांव नीमच से गिरफ्तार कर लिया। घटना सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे की है, जब कमरे में सो रहे दो भाइयों पर तलवार और डंडे से हमला किया गया।

पीड़ित चित्रांश पुत्र प्रकाश चन्द्र घारू, निवासी गांधीनगर सेक्टर नंबर 05, ने राजकीय सांवरिया सामान्य चिकित्सालय में उपचार के दौरान पुलिस को दी गई लिखित रिपोर्ट में बताया कि सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे वह और उसका बड़ा भाई हिमांशु घारू कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक भाई के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। कमरे में जाकर देखा तो नितिन लोठ के हाथ में नंगी तलवार थी और उसने हिमांशु के सिर पर जानलेवा वार कर दिया था। उसका साथी जितेन्द्र छपरीबन्द हाथ में डंडा लिए हुए लगातार मारपीट कर रहा था।

चित्रांश के अनुसार, जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। हमले में हिमांशु के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि चित्रांश को भी चोटें लगीं। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्रसिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा एवं श्री बृजेशसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी रजनीश कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल और एमओबी टीमों ने मौके का गहन निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। गठित पुलिस टीम ने साइबर सेल और स्थानीय मुखबिरों के नेटवर्क को भी तुरंत सक्रिय किया। आरोपियों की तलाश में लगातार पीछा करते हुए पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रैक की।

पुलिस टीम ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर मध्य प्रदेश के नयागांव से नितिन पिता मांगीलाल लोठ, निवासी डिफेंस कॉलोनी, सेक्टर नंबर 05, गांधीनगर एवं जितेन्द्र पिता अशोक कुमार छपरीबन्द, निवासी गंगरार, हाल पुराना लोको रेलवे कॉलोनी, को गिरफ्तार कर लिया।

त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में सहायक उप निरीक्षक जितेन्द्रसिंह, हरवीरसिंह, हरफुल, कांस्टेबल ओमप्रकाश, राजेश, प्रहलाद और हनुमानसिंह का सहयोग रहा। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से गांधीनगर में हुए जानलेवा हमले के मामले का खुलासा घटना के कुछ ही घंटों में हो गया।

Tags: