आकोला-गारियावास चौराहे पर शुरू हुआ विशाल नि:शुल्क रामरसोड़ा, जातरुओं की होगी सेवा
आकोला-गारियावास चौराहे पर रामदेवरा जाने वाले जातरुओं की सेवा के लिए विशाल नि:शुल्क रामरसोड़ा शुरू हुआ। ग्रामीणों के सहयोग से भोजन, पेयजल, चाय-नाश्ता और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।
तस्वीर में आकोला के गारियावास चौराहे पर आयोजित रामरसोड़े के शुभारंभ अवसर पर बाबा रामदेव की आरती करते हुए ग्रामीण और जनप्रतिनिधि नजर आ रहे हैं।
प्रातः काल संवाददाता नन्द लाल तेली, चित्तौड़गढ़।
आकोला नगरपालिका के गारियावास चौराहा पर बाबा रामदेव के दर्शनों के लिए रामदेवरा जाने वाले पदयात्रियों (जातरुओं) की सेवा के लिए आकोला-गारियावास चौराहे पर विशाल नि:शुल्क रामरसोड़े का विधि-विधान से शुभारंभ किया गया। सेवा शिविर में पदयात्रियों के लिए नि:शुल्क भोजन, शुद्ध पेयजल, चाय-नाश्ते और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।
रामरसोड़े के शुभारंभ में आकोला सहित आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों के गारियावास, सुरता खेड़ा, भान्याखेड़ी, पुरबिया खेड़ा, भील बस्ती मंगरिया, पारी का खेड़ा, गुड्डा, चौकड़ी और आसपास के समस्त ग्रामवासियों ने अपना योगदान दिया।
आयोजकों और ग्रामीणों ने बताया कि रामदेवरा मार्ग पर दिन-रात पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यह सामूहिक पहल की गई है। शिविर में सभी ग्रामवासियों द्वारा बारी-बारी से सेवा दी जा रही है।
रामरसोड़े के शुभारंभ के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने बाबा रामदेव की आरती कर महाप्रसादी वितरण के साथ रसोड़े की शुरुआत की और पदयात्रियों की सेवा का संकल्प लिया। इस सामूहिक सेवा पहल से रामदेवरा की ओर पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, चाय-नाश्ते और रात्रि विश्राम की सुविधा उपलब्ध हो गई है।