सैनिक स्कूल में पहली बार अंतर-सदनीय तीरंदाजी प्रतियोगिता, हमीर सदन बना चैंपियन
चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल में पहली अंतर-सदनीय तीरंदाजी प्रतियोगिता हुई, जिसमें हमीर सदन ने सर्वाधिक अंक लेकर चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती।
तस्वीर में सैनिक स्कूल की ब्रिगेडियर रणशेर आर्चरी रेंज में आयोजित अंतर-सदनीय तीरंदाजी चैंपियनशिप के दौरान विजेता कैडेट्स, शिक्षक और अधिकारी चैंपियनशिप ट्रॉफी के साथ नजर आ रहे हैं।
सैनिक स्कूल के इतिहास में पहली बार ब्रिगेडियर रणशेर आर्चरी रेंज में अंतर-सदनीय तीरंदाजी चैंपियनशिप का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल के निर्देशन में हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि कार्यवाहक प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल रहीं।
प्रतियोगिता का उद्देश्य कैडेट्स में खेल भावना, अनुशासन, सदनीय एकता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना विकसित करना तथा विद्यालय की आगामी तीरंदाजी टीम के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना था। प्रतियोगिता में कैडेट्स ने तीरंदाजी प्रतिभा और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता जूनियर बॉयज, जूनियर गर्ल्स, सीनियर बॉयज एवं सीनियर गर्ल्स वर्गों में आयोजित की गई। संबंधित कक्षाओं के कैडेट्स ने विभिन्न सदनों का प्रतिनिधित्व करते हुए व्यक्तिगत एवं मिश्रित टीम स्पर्धाओं में भाग लिया। विद्यालय के सभी संबंधित सदनों के साथ पद्मिनी सदन ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। व्यक्तिगत एवं मिश्रित टीम स्पर्धाओं के माध्यम से कैडेट्स को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विभिन्न स्पर्धाओं में सदनों के बीच कड़ी और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
जूनियर कैटेगरी में हेमराज ने ब्रॉन्ज मेडल, राघवेंद्र ने सिल्वर मेडल और विक्रम ने गोल्ड मेडल जीता। वहीं सीनियर कैटेगरी में समृद्धि ने ब्रॉन्ज मेडल, मोहित चौधरी ने सिल्वर मेडल और कैडेट भावेश ने गोल्ड मेडल जीतकर सफलता हासिल की।
प्रतियोगिता के प्रभारी मनीष जैन थे। तीरंदाजी रेंज की तैयारी एवं निर्णायकों से संबंधित व्यवस्थाओं में टिंकू एवं पीटीआई का महत्वपूर्ण योगदान रहा। व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाओं में सदनों द्वारा अर्जित कुल अंकों के आधार पर अंतर-सदनीय तीरंदाजी चैंपियन का निर्धारण किया गया। सर्वाधिक कुल अंक प्राप्त करने वाले हमीर सदन को अंतर-सदनीय तीरंदाजी चैंपियनशिप घोषित किया गया और चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि कार्यवाहक प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागी कैडेट्स को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कैडेट्स में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास, धैर्य, खेल भावना एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे गुणों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी तथा विद्यालय की खेल संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करेंगी।