ग्राम पंचायत निकुंभ में उदय सिंह सिसोदिया ने सरपंच का पदभार संभाला
| बड़ी सादड़ी के रामद्वारा आश्रम के संत अनंत राम शास्त्री के सानिध्य में हवन-पूजन के बाद कार्यभार ग्रहण किया; पारदर्शी तरीके से गांव के विकास का आश्वासन दिया।
ग्राम पंचायत निकुंभ में संत अनंत राम शास्त्री और ग्रामवासियों के साथ पदभार ग्रहण समारोह में बैठे नवनिर्वाचित सरपंच उदय सिंह सिसोदिया।
बड़ी सादड़ी। ग्राम पंचायत निकुंभ में नवनिर्वाचित सरपंच उदय सिंह सिसोदिया ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से हवन-पूजन के बाद शुभ मुहूर्त में सरपंच का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर बड़ी सादड़ी स्थित रामद्वारा आश्रम के संत अनंत राम शास्त्री की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में निर्वाचित वार्ड पंचों और ग्रामवासियों की मौजूदगी रही।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान प्रातः 11:15 बजे सरपंच की कुर्सी पर श्री सांवलिया सेठ एवं चंदा माता की छवि विराजमान की गई। इसके बाद उदय सिंह सिसोदिया ने विधिवत रूप से सरपंच का कार्यभार संभाला। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजा का अनुष्ठान पंडित उदय लाल करोली ने संपन्न करवाया।
इस अवसर पर ग्रामवासियों और सरपंच परिवार के सदस्यों ने संत अनंत राम शास्त्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं, श्री राम सत्संग सेवा परिषद के अध्यक्ष प्रेम सिंह सिसोदिया ने परिषद के सदस्यों की उपस्थिति में संतश्री का स्वागत किया। उन्होंने चंदा माता सत्संग सेवा परिषद की ओर से आयोजित साप्ताहिक भक्ति सत्संग में भक्तों को आशीर्वाद एवं अपना सानिध्य प्रदान करने के लिए संतश्री को आमंत्रित किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच उदय सिंह सिसोदिया ने ग्राम पंचायत के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने ग्रामवासियों के सहयोग से पारदर्शी तरीके से गांव के विकास कार्यों को यथासंभव प्राथमिकता के क्रम में पूरा करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपसरपंच कमलेश माली ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। धार्मिक अनुष्ठान के साथ शुरू हुए इस पदभार ग्रहण कार्यक्रम में नवनिर्वाचित सरपंच ने ग्राम विकास कार्यों को पारदर्शिता और जनसहयोग के साथ आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।