तस्वीर में प्रज्ञान महाविद्यालय आकोला के हॉल में छात्र और अतिथि कार्यक्रम में बैठे हैं।

आकोला। स्थानीय प्रज्ञान महाविद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम अधिकारी कन्हैयालाल मेघवाल ने बताया कि कार्यक्रम महाविद्यालय प्रबंध निदेशक शांतिलाल शर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि युवा व्यवसायी नरेंद्र कुमार प्रजापत के आतिथ्य में आयोजित किया गया।

प्रबंध निदेशक शांतिलाल शर्मा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन-विचारों तथा देश के प्रति उनके योगदान को प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने स्वयंसेवकों के साथ ‘दे दी आजादी तूने बिना खडक बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल’ गीत का सामूहिक गान करवाया।

प्राचार्य डॉ. राजेश शर्मा ने कविता के माध्यम से महात्मा गांधी के जीवन और उनके संघर्ष को बताते हुए उनके आदर्शों को अभिव्यक्त किया। डॉ. शर्मा ने बताया कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान जय किसान’ का नारा देते हुए देश के किसानों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि नरेंद्र कुमार प्रजापत ने लाल बहादुर शास्त्री एवं गांधी जी के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग विद्यार्थियों के साथ साझा किए। व्याख्याता शमा रोशन मंसूरी ने इस अवसर पर स्वयंसेवकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम के दौरान सहायक आचार्य आर. डी. शर्मा, मंजुला शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती रतन देवी एवं श्रीमती मनीषा ने किया। महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गांधी और शास्त्री के विचारों के साथ सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के संदेश को स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों तक पहुंचाया गया।

Tags: