चित्तौड़गढ़: 9 माह की बच्ची के अपहरण मामले में वांछित नारायण मीणा कर्नाटक से गिरफ्तार
बड़ी सादड़ी थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता के जरिए आरोपी को पंच मंगरूर में पानी पतासी के ठेले पर काम करते पकड़ा, मामले में ललीता मीणा पहले ही जेल भेजी जा चुकी है।
बड़ी सादड़ी पुलिस ने 9 माह की बच्ची के अपहरण का दुष्प्रेरण करने वाले थाने के टॉप-10 वांछित अपराधी नारायण मीणा को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी सहायता से आरोपी की तलाश करते हुए उसे पंच मंगरूर, कर्नाटक में पानी पतासी के थैले पर काम करते हुए पकड़ा।
प्रकरण के अनुसार, प्रार्थिया ने 09 जून 2026 को थाना बड़ी सादड़ी में रिपोर्ट पेश की थी। उसने बताया कि उसका पति महाराष्ट्र में पानी पुरी की लारी पर काम करता है और वह घर पर अकेली रहती है। उसकी एक 09 माह की पुत्री है। 09 जून को सुबह करीब 01 बजे वह अपने पीहर उमरदा, जिला प्रतापगढ़ जाने के लिए घर से निकली और बड़ी सादड़ी बस में बैठकर बड़ी सादड़ी पहुंची।
प्रार्थिया के अनुसार, तबीयत खराब होने के कारण उसने बड़ी सादड़ी नगर पालिका के पास गोपाल डॉक्टर के क्लीनिक पर बोतल चढ़वाई। इस दौरान उसकी बच्ची पास में ही खेल रही थी। इसी दौरान एक महिला वहां आई और बच्ची को खिलाने लगी। जब प्रार्थिया की बोतल खत्म हुई तो उसने देखा कि उसकी बच्ची और उसका मोबाइल नंबर 7014612859 वाला ओप्पो कंपनी का मोबाइल दोनों ही वहां नहीं थे।
प्रार्थिया ने उक्त महिला की तलाश की और झालामन्ना चौराहा तक पहुंची, लेकिन महिला नजर नहीं आई। रिपोर्ट में बताया गया कि उक्त महिला बच्ची और मोबाइल को लेकर चली गई। रिपोर्ट पर प्रकरण संख्या प्र.स. 190/2026 धारा 303(2), 137(2) बीएनएस में दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेन्द्र सिंह यादव आई.पी.एस. के आदेशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह आर.पी.एस. के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत बड़ी सादड़ी हरिश्चन्द्र सिंह आर.पी.एस. के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। थानाधिकारी बड़ी सादड़ी भगवानलाल पु.नि. के नेतृत्व में लक्ष्मीलाल ए.एस.आई. मय जाप्ता की विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने तकनीकी सहायता से 9 माह की बच्ची के व्यपहरण का दुष्प्रेरण करने वाले थाने के टॉप-10 में वांछित अभियुक्त की तलाश जलोदा जागीर, छोटीसादड़ी और प्रतापगढ़ में की। तलाश के दौरान वांछित अभियुक्त नारायण पिता गौतम मीणा निवासी खाखरिया खेड़ी, थाना बड़ी सादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ (राज.) के कर्नाटक में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने पंच मंगरूर, कर्नाटक पहुंचकर उसे पानी पतासी के थैले पर काम करते हुए गिरफ्तार किया।
इस प्रकरण में पुलिस ने पूर्व में अभियुक्ता ललीता पत्नी सुरेश मीणा निवासी चेनपुरिया, हाल ढीकडिया खेड़ी को गिरफ्तार किया था, जिसे अनुसंधान के बाद जे.सी. करवाया गया था। प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नारायण पिता गौतम मीणा निवासी खाखरिया खेड़ी, थाना बड़ी सादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ (राज.) के रूप में हुई है। पुलिस टीम में लक्ष्मीलाल स.उ.नि., दिनेष कुमार कानि., प्रेमाराम कानि., अजीत कानि. आदि का सहयोग रहा।