बेगूं कांग्रेस सम्मेलन में टिकट वितरण और नेतृत्व पर घमासान, आंजना बोले- दिल्ली की जरूरत नहीं
बेगूं कांग्रेस सम्मेलन में टिकट वितरण और नेतृत्व को लेकर कार्यकर्ताओं का असंतोष सामने आया। आंजना के बयान से सियासी हलचल तेज हुई।
तस्वीर में बेगूं में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन के मंच पर बैठे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिखाई दे रहे हैं।
बेगूं में नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव-2026 की तैयारियों के बीच गुरुवार को नीलकंठ महादेव मंदिर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में टिकट वितरण और नेतृत्व को लेकर कार्यकर्ताओं का असंतोष खुलकर सामने आया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेगूं-रावतभाटा के तत्वावधान में हुए सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति और टिकट वितरण को लेकर कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी। पूर्व विधायक राजेंद्र विधूड़ी के नेतृत्व को लेकर भी कई कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि उदयलाल आंजना रहे। वह पूर्व सांसद एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा RPCC अनुशासन समिति के चेयरमैन रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों में पूरी मजबूती के साथ जुटने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में उदयलाल आंजना ने कहा, “हम आपस में लड़ेंगे, झगड़ेंगे, मरेंगे-मारेंगे, मगर किसी दिल्ली वाले की अब आवश्यकता नहीं है। मेवाड़ वालों को दिल्ली वाले की आवश्यकता नहीं है। पार्टी का निर्णय भी मेवाड़ के पक्ष में होना चाहिए।”
आंजना ने पूर्व विधायक राजेंद्र विधूड़ी का नाम लिए बिना कहा कि अभी भी कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा, “ये राहुल गांधी के कार्यकर्ता हैं, किसी से डरने वाले नहीं हैं। विशेष रूप से बेगूं के कार्यकर्ता किसी से डरने वाले नहीं हैं।”
सम्मेलन के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक राजेंद्र विधूड़ी के नेतृत्व को लेकर खुलकर असंतोष जताया। वक्ताओं ने कहा कि बेगूं विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में उनके नेतृत्व को लेकर नाराजगी है और कार्यकर्ता इसे स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।
कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व से स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आगामी नगर पालिका एवं पंचायती राज चुनावों में निष्ठावान, सक्रिय और जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को टिकट देने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एकजुटता है और यदि सक्रिय एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं को चुनाव में अवसर दिया जाता है तो नगर पालिका एवं पंचायती राज संस्थाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनाया जा सकता है।
कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। आंजना ने भी कार्यकर्ताओं से पंचायत राज चुनाव की तैयारियों में जुट जाने की अपील की।
इस दौरान आंजना ने किसानों की समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि योजना, छंटनीकरण एवं अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सम्मेलन में विधानसभा प्रभारी गिरीलाल गुर्जर, समाजसेवी जितेंद्र सिंह राठौड़, गंगरार प्रधान प्रतिनिधि रविंद्र सिंह राणावत, पूर्व प्रधान शक्ति सिंह, मांगीलाल गुर्जर, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष यशोदा पुरोहित, गंगरार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परमेश्वर जाट, पूर्व पालिका अध्यक्ष वर्दीचंद कोठारी, पूर्व प्रधान नानालाल धाकड़, पूर्व पार्षद नरेंद्र पुरोहित, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दिनेश मेवाड़ा, धीरज नाहर, कमलेश सेन, डोराई सरपंच प्रतिनिधि लाभचंद धाकड़, प्रकाश धाकड़, बृजेश ओझा, प्रकाश देवड़ा, गौतम चौधरी, अशोक धाकड़, गायत्री सोनी, सत्यनारायण, हाजी सैयद हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।