चित्तौड़गढ़ की निंबाहेड़ा पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ भड़काऊ रील डालने और डर पैदा करने के मामले में हिस्ट्रीशीटर तालिब खान को गिरफ्तार कर नीमच पुलिस के सुपुर्द किया।

निम्बाहेड़ा में डीएसटी चित्तौड़गढ़ एवं थाना कोतवाली निंबाहेड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर हथियारों से सुसज्जित व्यक्तियों के साथ भड़काऊ रील और पोस्ट डालकर आमजन में भय का माहौल पैदा करने वाले हिस्ट्रीशीटर तालिब खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना कोतवाली निंबाहेड़ा में आर्म्स एक्ट, लड़ाई-झगड़े एवं बलात्कार सहित 07 प्रकरणों में दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2020 में नीमच, मध्यप्रदेश में 04 अवैध पिस्टल एवं 12 जिंदा कारतूस से जुड़े आर्म्स एक्ट के 04 प्रकरणों में भी वांछित चल रहा था।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष सतर्कता अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी निंबाहेड़ा शिव प्रकाश टेलर के निर्देशन में थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार मय जाप्ते को साइबर एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखते हुए अपराधियों को चिन्हित करने, गैंगस्टर, आतंकवादियों एवं अपराधियों को फॉलो करने वालों तथा सोशल साइट पर हथियारों से सुसज्जित पोस्ट डालकर आमजन में डर पैदा करने वाली गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई थी।

मॉनिटरिंग के दौरान 15 अगस्त 2026 को एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि हिस्ट्रीशीटर तालिब खान अपनी सोशल साइट पर हथियारों से सुसज्जित पोस्ट एवं भड़काऊ वीडियो रील डालकर आमजन में डर पैदा कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर तालिब खान को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि रील में उसके दोस्त हैं, जो हरियाणा के गैंगस्टर हैं और शादी समारोह में जान-पहचान होने के बाद उनसे संपर्क हुआ था।

पुलिस ने आम जनता में भय व्याप्त करने और डर का माहौल बनाने जैसे वीडियो एवं रील बनाने के मामले में तालिब खान को गिरफ्तार किया। उसका क्राइम रिकॉर्ड देखने पर थाना कोतवाली निंबाहेड़ा में आर्म्स एक्ट, लड़ाई-झगड़े एवं बलात्कार जैसी संगीन धाराओं में 07 प्रकरण दर्ज होकर न्यायालय में विचाराधीन पाए गए। इसके साथ ही वह एमपी नीमच में कई मामलों में वांटेड भी चल रहा था।

सोशल साइट पर डाली गई हथियारों से सुसज्जित पोस्ट के संबंध में गहनता से पूछताछ करने पर तालिब खान ने बताया कि शादी समारोह में मेहमान आए थे और उनके पास हथियार थे। उसने उनके साथ फोटो खिंचवा ली थी। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर तालिब खान से सोशल साइट से हथियारों से सुसज्जित पोस्ट हटवाई और भविष्य में ऐसी पोस्ट नहीं डालने के लिए पाबंद किया।

आरोपी तालिब खान वर्ष 2020 में 04 अवैध पिस्टल एवं 12 जिंदा कारतूस के मामले में वांछित था। नीमच मध्यप्रदेश पुलिस भी उसे काफी समय से गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही थी। निंबाहेड़ा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए नीमच पुलिस को सुपुर्द कर दिया।

गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर तालिब खां पिता मो. मियां, जाति मुस्लमान, उम्र 26 साल, निवासी कैंची चौराहा, डाक बंगला, निम्बाहेड़ा है।

कार्रवाई में जिला विशेष टीम से एएसआई सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद, कांस्टेबल रतन गुर्जर, अमित, अरविंद, कृष्ण कांत, अशोक, जगदीश, रामकेश, वीरेंद्र एवं सुरेश सुंडा शामिल रहे। साइबर सेल से एएसआई राजकुमार तथा थाना कोतवाली निंबाहेड़ा से थानाधिकारी प्रवीण टांक, एएसआई अर्जुनलाल, जुल्फकार, कांस्टेबल ज्ञानप्रकाश एवं महिला कांस्टेबल राजबाला ने कार्रवाई में भूमिका निभाई।

जिला पुलिस ने आमजन एवं नवयुवकों से अपील की है कि आपराधिक गतिविधियों से जुड़े व्यक्तियों को सोशल मीडिया पर फॉलो या उनकी पोस्ट और रील लाइक न करें। सोशल मीडिया पर हथियारों से सुसज्जित, भड़काऊ अथवा आमजन में भय उत्पन्न करने वाली पोस्ट या रील अपलोड न करें। ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags: